महाराष्ट्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
महाराष्ट्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 29 अगस्त 2021

उत्पीड़न की मंशा, बच्चे का गाल छूना अपराध नहीं

कविता गर्ग           

मुंबई। बंबई उच्च न्यायालय ने आठ साल की लड़की के यौन शोषण के आरोपी 46 वर्षीय व्यक्ति को जमानत देते हुए कहा कि यौन उत्पीड़न की मंशा के बगैर किसी बच्चे का गाल छूना अपराध नहीं है। न्यायमूर्ति संदीप शिंदे की एकल पीठ ने पड़ोसी ठाणे जिले में रबोडी पुलिस द्वारा जुलाई 2020 में गिरफ्तार किए गए आरोपी मोहम्मद अहमद उल्ला को 27 अगस्त को जमानत दे दी। 

उच्च न्यायालय ने कहा कि मेरी राय में यौन उत्पीड़न की मंशा के बिना किसी के गाल छूना बाल यौन अपराध संरक्षण कानून की धारा सात के तहत परिभाषित ‘यौन शोषण’ के अपराध के दायरे में नहीं आता है। रिकॉर्ड में उपलब्ध दस्तावेजों के प्राथमिक मूल्यांकन से यह नहीं लगता कि याचिकाकर्ता ने यौन शोषण की मंशा से पीड़ित के गाल छूए।

शुक्रवार, 27 अगस्त 2021

7 पैसे की तेजी, 74.15 रुपये पर खुला शेयर बाजार

कविता गर्ग            
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती के बीच भारतीय रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे की तेजी के साथ 74.15 रुपये पर खुला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल के अहम भाषण से संकेतों का इंतजार कर रहे हैं, जिसके चलते घरेलू इकाई सीमित दायरे में कारोबार कर रही है।
इसके अलावा विदेशी बाजारों में डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 74.17 पर खुला और फिर पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे बढ़कर 74.15 पर पहुंच गया। रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 74.22 पर बंद हुआ था। इसबीच वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 1.04 प्रतिशत बढ़कर 71.81 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

अनाथ आश्रम में 18 बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिलें

कविता गर्ग             
मुबंई। देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। इस बीच मुंबई के आगरी पाड़ा इलाके से कोरोना को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां मौजूद सेंट जोसेफ अनाथ आश्रम में 18 बच्चे कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से चार बच्चों को मुंबई के नायर अस्पताल में भर्ती कराया गाय है, जो कि 12 साल की उम्र से कम के है। जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमित पाए गए 18 बच्चों में 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों को रिचर्ड्सन एंड क्रूडस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। 
बता दें कि अनाथ आश्रम में कुछ लोगों के कोरोना से संक्रमित होने की बात मालूम चली थी जिसके बाद यहां परीक्षण के लिए एक केम्प आयोजित कराया गया। कोरोना टेस्ट के दौरान कुल 18 बच्चों समेत कुल 22 लोग वायरस से संक्रमित पाए गए। नायर अस्पताल के डॉ. के अनुसार जिन बच्चों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, उनमें कोरोना का हल्के लक्षण हैं। जानकारी के अनुसार सभी लोगों को कोरोना टेस्ट 23 अगस्त 2021 को किया गया था और इनकी रिपोर्ट 24 अगस्त को कोविड पॉजिटिव की खबर मिली। अनाथ आश्रम से एक साथ इतनी तादात में कोरोना संक्रमण के मामलों के सामने आने से प्रशासन में हड़ंकप मच गया।

गुरुवार, 26 अगस्त 2021

पुणे: खेत में गांजे की खेती करने की इजाजत मांगीं

कविता गर्ग               
पुणे। महाराष्ट्र के सोलापुर के एक किसान ने जिला प्रशासन से अपने खेत में गांजे की खेती करने की इजाजत मांगते हुए कहा है कि प्रतिबंधित पदार्थ का बाजार में अच्छा दाम मिलता है और दावा किया है कि किसी भी कृषि उपज का कोई तय मूल्य नहीं है। जिला प्रशासन ने किसान के आवेदन को पुलिस को भेज दिया, जिसने इसे ‘पब्लिसिटी स्टंट’ (प्रचार पाने का हथकंडा) करार दिया।
गांजे की खेती ‘नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस’ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। इसे मारिजुआना भी कहा जाता है। सोलापुर में मोहोल तहसील के किसान अनिल पाटिल ने बुधवार को सोलापुर जिला कलेक्टर को भेजे अपने आवेदन में कहा कि किसी भी फसल के लिए कोई निश्चित मूल्य नहीं है, इसलिए, कृषि व्यवसाय घाटे में चल रहा है।उन्होंने कहा कि खेती-बाड़ी मुश्किल होती जा रही है, फसल की लागत तक नहीं मिल पाती है। उनके मुताबिक, चीनी मिलो को बेचे गन्ने के बकाये का भुगतान नहीं किया गया है। बाजार में गांजे की अच्छी कीमत मिलने का दावा करते हुए पाटिल ने अपनी दो एकड़ जमीन पर इसकी खेती करने की अनुमित मांगी है। उन्होंने जिला प्रशासन से 15 सितंबर तक अपने खेत में गांजे के पौधे उगाने की इजाजत देने को कहा और ऐसा न करने पर वह यह मान लेंगे कि उन्हें इसकी अनुमित दे दी गई है और 16 सितंबर से गांजे की खेती शुरू करे देंगे।
उसने अपने आवेदन में कहा कि अगर मेरे खिलाफ गांजे की खेती के लिए कोई मामला दर्ज होता है तो प्रशासन जिम्मेदार होगा। मोहोल थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अशोक सैकर ने कहा कि किसान का आवेदन महज एक ‘पब्लिसिटी स्टंट’ है। उन्होंने कहा कि अगर वह इस तरह के कृत्य (गांजे की खेती) करता है, तो हम उसके खिलाफ मामला दर्ज करेंगे।

जमानत पर रिहा हुए केंद्रीय मंत्री की तबीयत बिगड़ी

कविता गर्ग                
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ कान के नीचे बजाने का बयान देने के मामले में जमानत पर रिहा हुए केंद्रीय मंत्री की तबीयत अचानक से बिगड़ गई है। जिसके चलते उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया है।
बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के मामले में बीते दिनों मंगलवार को ही जमानत पर रिहा हुए केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की अचानक से तबीयत बिगड़ गई है। ताजा जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री को हालत बिगड़ने पर मुंबई के लीलावती अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सकों द्वारा केंद्रीय मंत्री के स्वास्थ्य की जांच पडताल करते हुए उनका ईलाज शुरू कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने हाल ही में स्वतंत्रता दिवस के बाद आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर एक बयान दिया था। इस बयान में उन्होंने मुख्यमंत्री की आलोचना करने के साथ ही कथित तौर पर उनके कान के नीचे थप्पड़ बजाने की बात कही थी। इस बयान के बाद राज्य के अलग-अलग हिस्सों में केंद्रीय मंत्री के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गई थी। केंद्रीय मंत्री को मंगलवार की दोपहर पुलिस द्वारा हिरासत में लेने के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री को रायगढ़ जनपद की महाड अदालत में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था। हालाकि उसी रात तकरीबन 11.30 बजे केंद्रीय मंत्री को अदालत द्वारा जमानत दे दी गई थी। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को 15000 रूपये का जमानती मुचलका भरने और 30 अगस्त एवं 6 सितंबर को रायगढ़ मैं पेश होने के लिए कहा है।

बुधवार, 25 अगस्त 2021

गिरफ्तार हुए केंद्रीय मंत्री नारायण को जमानत मिलीं

कविता गर्ग               
मुबंई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ दिए अपने बयान के बाद मंगलवार को गिरफ्तार हुए केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को आखिरकार देर रात जमानत मिल गई। रायगढ़ जिले के महाड मजिस्ट्रेट कोर्ट ने नारायण राणे को उद्धव ठाकरे के खिलाफ दिए अपने बयान के सिलसिले में बेल दे दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके राणे की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए बीजेपी ने इसे संविधान का उल्लंघन बताया है और महाराष्ट्र की सरकार को निशाने पर लिया है। नासिक पुलिस ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के सिलसिले में नोटिस भेजकर 2 सितंबर को थाने में पेश होने को कहा।

200 से अधिक अंक के उच्चस्तर पर पहुंचा सेंसेक्स

कविता गर्ग                     
मुंबई। एचडीएफसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में बढ़त से बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 से अधिक अंक के लाभ से अपने नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया। 
शुरुआती कारोबार में 56,188.49 के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर को छूने के बाद सेंसेक्स 211.23 अंक या 0.38 प्रतिशत के लाभ के साथ 56,170.21 अंक पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 67.75 अंक या 0.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,692.35 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर सबसे अधिक एक प्रतिशत चढ़ गया। एनटीपीसी, एलएंडटी, एचडीएफसी, नेस्ले इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर भी लाभ में थे। वहीं दूसरी ओर टाइटन, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एशियन पेंट्स और डॉ. रेड्डीज के शेयर नुकसान में थे।
पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 403.19 अंक या 0.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 55,958.98 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी 128.15 अंक या 0.78 प्रतिशत के लाभ से 16,624.60 अंक के अपने नए रिकॉर्ड पर बंद हुआ था।

मंगलवार, 24 अगस्त 2021

मुंबई: भाजपा के दफ्तर पर पत्थरबाजी का मामला

कविता गर्ग              
मुबंई। महाराष्ट्र नारायण राणे ने हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर एक बयान दिया था। इस बयान में उन्होंने ठाकरे की आलोचना करने के साथ ही उन्हें ‘थप्पड़’ तक मारने की बात कह डाली थी। राणे के इस बयान के बाद उन पर एफआईआर दर्ज की गई है।
महाराष्ट्र के नासिक में भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर पर पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। पत्थरबाजी का आरोप शिवसेना कार्यकर्ताओं पर लगा है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता नारायण राणे के बयान पर विवाद होने के बाद ये घटना सामने आई है।
सिर्फ नासिक ही नहीं बल्कि अब मुंबई, अमरावती, रत्नागिरी समेत कई शहरों में नारायण राणे के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है।
उधर, नासिक पुलिस नारायण राणे की गिरफ्तारी के लिए निकल गई है। मुंबई में भी शिवसैनिक सड़कों पर उतर आए हैं और राणे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

नौ पैसे की बढ़त, 74.13 प्रति डॉलर पर पहुंचा रुपया

कविता गर्ग                      
मुबंई। स्थानीय शेयर बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया नौ पैसे की बढ़त के साथ 74.13 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। फॉरेक्स डीलरों ने कहा कि विदेशी पूंजी की निकासी, वैश्विक बाजारों में डॉलर की मजबूती तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों की वजह से हालांकि रुपये का लाभ सिमट गया।
सोमवार को रुपया 74.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह मुद्राओं की तुलना में डॉलर का रुख दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 93.04 पर पहुंच गया। वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 68.98 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

मुंबई: शुरुआती कारोबार में 149 अंक चढ़ा सेंसेक्स

कविता गर्ग                          
मुंबई। इन्फोसिस, टाटा स्टील और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लाभ से मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 149 अंक चढ़ गया। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख से भी यहां धारणा मजबूत हुई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 148.72 अंक या 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 55,704.51 अंक पर पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुरुआती कारोबार में 49.15 अंक या 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,545.60 अंक पर था।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर सबसे अधिक करीब तीन प्रतिशत चढ़ गया। टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, एलएंडटी, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक तथा अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी लाभ में थे। वहीं दूसरी ओर मारुति, एशियन पेंट्स, कोटक बैंक और एचडीएफसी के शेयर नुकसान में थे।
पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 226.47 अंक या 0.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 55,555.79 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 45.95 अंक या 0.28 प्रतिशत के लाभ से 16,496.45 अंक रहा था।

सोमवार, 23 अगस्त 2021

पार्टी के मंत्री सुनील को कैबिनेट से हटाने की मांग की

कविता गर्ग                   
मुंबई। कांग्रेस नेता आशीष देशमुख ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चिट्ठी लिखकर पार्टी के मंत्री सुनील केदार को कैबिनेट से हटाने की मांग की है। देशमुख ने अपनी चिट्ठी में आरोप लगाया है कि सुनील केदार ने अपने खिलाफ चल रहे एक केस में अपने दोस्त को ही सरकारी वकील बनाया है। उन्होंने यह भी कहा है कि वकील प्रदेश कांग्रेस की लीगल सेल का मुखिया रह चुका है इसलिए यह मामला ‘कन्फ्लिक्ट ऑफ इंट्रेस्ट’ का है। विधायक आशीष देशमुख ने यह चिट्ठी सीएम उद्धव ठाकरे को लिखी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता केदार और 10 अन्य लोगों पर साल 2002 में नागपुर जिले के सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक में 150 करोड़ रुपये के हेरफेर से जुड़े मामले में केस चल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा है कि इस मामले की सुनवाई अब आखिरी चरण में है और कोर्ट बीते 19 सालों से अलग-अलग कारणों से इस मामले को लंबित रखे हुए थी। देशमुख ने यह भी आरोप लगाया है कि केदार ने अपने दोस्त को सरकारी वकील इसलिए नियुक्त किया है ताकि वह उनके खिलाफ मजबूती से केस न लड़े और वह केस से बरी हो जाए। देशमुख ने न सिर्फ वकील की नियुक्ति को खारिज करने की मांग की है बल्कि यह भी कहा है कि केदार की राज्य कैबिनेट से भी छुट्टी की जाए।

शुक्रवार, 20 अगस्त 2021

घरेलू बाजार में सोना 28 और चांदी 391 रुपये टूटीं

कविता गर्ग        

मुंबई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं में जारी तेजी के बावजूद शुक्रवार को मांग सुस्त पड़ने से घरेलू बाजार में सोना 28 रुपये और चांदी 391 रुपये टूट गई।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 0.26 प्रतिशत चढ़कर 1784.84 डॉलर प्रति औंस और अमेरिकी सोना वायदा 0.15 प्रतिशत की बढ़त लेकर 1782.90 डॉलर प्रति औंस पर रहा। 

इस दौरान चांदी हाजिर भी 0.13 प्रतिशत बढ़कर 23.20 डॉलर प्रति औंस बोली गई।

बुधवार, 18 अगस्त 2021

कोविड-19 नियमों का उल्लंघन, प्राथमिकी दर्ज की

कविता गर्ग                   
ठाणे। महाराष्ट्र में केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में कोविड-19 नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल महाराष्ट्र के कुछ मंत्रियों की राज्य में लोगों से संपर्क साधने के प्रयास के तौर पर आयोजित यात्रा में पंचायती राज राज्यमंत्री और भिवंडी के सांसद कपिल पाटिल सोमवार को ठाणे में शामिल हुए। जहां सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और आगरी तथा कोली समुदाय के लोगों ने गीतों पर नृत्य किया।
ठाणे के कोपरी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में से एक के दौरान आयोजकों ने एक मंच सजाया, जहां भाजपा कार्यकर्ता कथित तौर पर बिना सामाजिक दूरी के नियमों का पालन किए और बिना मास्क पहने बड़ी संख्या में जमा हो गए।
अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पुलिस से इस कार्यक्रम के लिए मंजूरी भी नहीं ली थी। कोपरी पुलिस ने सोमवार रात दो पार्षदों और भाजपा के दो अन्य स्थानीय पदाधिकारियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और महामारी रोग अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

250 अंक से बढ़कर 56,000 के पार गया सेंसेक्स

कविता गर्ग               
मुंबई। एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 250 अंक से अधिक बढ़कर पहली बार 56,000 के पार चला गया।
इस दौरान 30 शेयरों वाला सूचकांक 252.54 अंक या 0.40 प्रतिशत बढ़कर 56,044.81 के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि व्यापक एनएसई निफ्टी 66.75 अंक या 0.40 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 16,681.35 पर था।
सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की तेजी एचडीएफसी बैंक में हुई। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड, एलएंडटी, बजाज फिनसर्व और एचडीएफसी भी बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक, बजाज ऑटो और इंफोसिस में गिरावट देखने को मिली।
पिछले सत्र में सेंसेक्स 209.69 अंक या 0.38 प्रतिशत बढ़कर 55,792.27 पर, और निफ्टी 51.55 अंक या 0.31 प्रतिशत बढ़कर 16,614.60 पर बंद हुआ था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को सकल आधार पर 343.73 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
अन्य एशिया बाजारों में शंघाई, हांगकांग, तोक्यो और सोल के शेयर मध्य सत्र में लाभ के साथ कारोबार कर रहे थे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.25 फीसदी बढ़कर 69.20 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

मंगलवार, 17 अगस्त 2021

मेजबानी करने के लिए स्टार अमिताभ उत्साहित हैं

कविता गर्ग              
मुंबई। केबीसी के 13वें सीजनकी मेजबानी करने के लिए बॉलीवुड के स्टार अमिताभ बच्चन उत्साहित हैं।जल्दी ही ‘कौन बनेगा करोड़पति 13’ का आगाज हो जाएगा। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रोमो शेयर कर दिया है। अमिताभ बच्चन की लोकप्रियता की वजह सिर्फ उनकी फिल्में ही नहीं हैं। इसमें उनके टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का भी बहुत बड़ा योगदान है। शो का नया सीजन 23 अगस्त से सोनी टीवी पर टेलीकास्ट शुरू हो रहा है।

केबीसी वीक में पांच दिन यानी सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे प्रसारित होगा।शो का नया प्रोमो सामने आ गया है, जो लोगों को बहुत पसंद आ रहा है। प्रोमो का जो पार्ट शेयर किया है, वह शो का तीसरा पार्ट है। इस शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया है कि पार्ट एक और दो पर जबरदस्त प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद। अब हम आपके लिए तीसरा पार्ट का फाइन सीरीज शेयर कर रहे हैं! 23 अगस्त, रात 9 बजे से केवल सोनी।कौन बनेगा करोड़पति ने अपनी यात्रा के 21 साल पूरे कर रहा है। यह शो पहली बार 2000 में स्टार प्लस पर शुरू हुआ था। केबीसी के प्रमोशन के लिए विशेषतौर पर बनाई गई ‘सम्मान’ की शूटिंग मध्‍यप्रदेश में की गई है। इस फिल्‍म में एक्टर ओमकार दास मानिकपुरी प्रमुख भूमिका में हैं। शो मेकर्स ने केबीसी को हर आम इंसान की जिंदगी से करीब लाने के लिए ये प्रोमो तैयार किया है। इस‍ फिल्‍म की खासियत है कि इसमें लोकल टैलेंटेड लोगों को एक्टिंग का मौका दिया गया है।

सोमवार, 16 अगस्त 2021

मुनाफावसूली के बीच नुकसान के साथ खुलें सेंसेक्स

कविता गर्ग                   
मुंबई। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख तथा मौजूदा उच्चस्तर पर मुनाफावसूली के बीच सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी नुकसान के साथ खुले। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 100 से अधिक अंक टूटा। बाद में यह 20.92 अंक या 0.04 प्रतिशत के नुकसान से 55,416.37 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुरुआती कारोबार में 11.50 अंक या 0.07 प्रतिशत के नुकसान से 16,517.60 अंक पर आ गया। सेंसेक्स की कंपनियों में पावरग्रिड का शेयर सबसे अधिक एक प्रतिशत से अधिक टूट गया। बजाज ऑटो, मारुति, डॉ. रेड्डीज, एशियन पेंट्स तथा टाइटन के शेयर भी नुकसान में थे।
वहीं दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, टीसीएस तथा टेक महिंद्रा के शेयर लाभ में थे। पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 593.31 अंक या 1.08 प्रतिशत के उछाल से अपने सर्वकालिक उच्च्स्तर 55,437.29 अंक पर पहुंचा था। वहीं निफ्टी 164.70 अंक या 1.01 प्रतिशत के लाभ से 16,529.10 अंक पर रहा था।

शनिवार, 14 अगस्त 2021

सीएम उद्धव को मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर धमकी मिली

कविता गर्ग                  
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी सचिव मिलिंद नार्वेकर ने पुलिस में शिकायत की है कि उन्हें सोशल मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर धमकी मिली है। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि नार्वेकर के मुताबिक धमकी में कहा गया है कि यदि वह कुछ मांगों को पूरा नहीं करेंगे तो केंद्रीय जांच एजेंसियां उनके पीछे पड़ जाएंगी।
अधिकारी ने बताया कि नार्वेकर ने मुंबई पुलिस आयुक्त हेमंत नगराले को इस बाबत लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया, ”इसके आधार पर अपराध शाखा ने मामले की जांच शुरू की है और संदिग्ध की तलाश की जा रही है।” शिकायत में नार्वेकर ने कहा है कि उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति के नंबर से व्हाट्सऐप पर संदेश मिला जिसमें धमकी दी गई थी कि वे कुछ मांगों को पूरा नहीं करेंगे तो केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) तथा अन्य केंद्रीय एजेंसियां उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगी।

शुक्रवार, 13 अगस्त 2021

आरोपी 28 वर्षीय युवक को जमानत प्रदान की: मुंबई

कविता गर्ग                     
मुंबई। बंबई उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) का सदस्य होने के आरोपी 28 वर्षीय युवक को जमानत प्रदान की। न्यायमूर्ति एस एस शिंदे और न्यायमूर्ति एन जे जमदार की खंडपीठ ने इकबाल अहमद कबीर अहमद की अपील पर उसे जमानत प्रदान की। अहमद ने उसकी जमानत खारिज करने के विशेष अदालत के फैसले को चुनौती दी थी।
पीठ ने कहा कि विशेष अदालत द्वारा पारित आदेश को रद्द किया जाता है। याचिकाकर्ता (अहमद) को एक लाख रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि के एक या दो जमानतदारों को पेश करने के बाद जमानत पर रिहा किया जाएगा।” अदालत ने अहमद को पहले महीने में सप्ताह में दो बार और इसके बाद अगले दो महीने सप्ताह में एक बार राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया।
पीठ ने कहा, ” याचिकाकर्ता को सुनवाई की हर तारीख पर पेश होना होगा और वह मामले में गवाहों को प्रभावित करने या उनसे संपर्क करने का प्रयास नहीं करेगा।” उल्लेखनीय है कि अहमद को सात अगस्त 2016 को गिरफ्तार किया गया था और आईएसआईएस का सदस्य होने के आरोप में उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अभियोजन के मुताबिक, अहमद आईएसआईएस के ”परभणी मॉड्यूल” का हिस्सा था जोकि कथित तौर पर परभणी के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर हमले की साजिश रच रहे थे। अहमद के वकील मिहिर देसाई ने दलील दी थी कि याचिकाकर्ता के खिलाफ कोई सुबूत नहीं है।

3 पैसे की गिरावट, 74.28 प्रति डॉलर पर रुपया

कविता गर्ग                          
मुंबई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 74.28 प्रति डॉलर पर आ गया। हालांकि विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने के चलते रुपये में और गिरावट पर रोक लगी।
रुपया शुरुआत में 74.27 प्रति डॉलर पर खुलने के बाद और गिरकर 74.28 प्रति डॉलर पर आ गया। बृहस्पतिवार के बंद स्तर की तुलना में यह तीन पैसे की गिरावट है। बृहस्पतिवार को रुपया 74.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर, बीएसई सेंसेक्स 278.94 अंक की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 55,122.92 पर कारोबार कर रहा था, जबकि व्यापक एनएसई निफ्टी 85.20 अंक बढ़कर 16,449.60 पर कारोबार कर रहा था।
इस बीच, छह मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा का रुख दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.97 पर था। वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.92 प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स ने 250 अंकों से ज्यादा की बढ़त हासिल की

कविता गर्ग                        
मुंबई। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टीसीएस के शेयरों में मजबूती के साथ शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स ने 250 अंकों से ज्यादा की बढ़त हासिल की और 55,000 का आंकड़ा पार कर लिया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 258.4 अंक या 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ अब तक के उच्चतम स्तर 55,102.42 पर कारोबार कर रहा था।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुरुआती कारोबार में 69.80 अंक या 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,434.20 अंक पर था। सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक एक प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गया। एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी और एक्सिस बैंक के शेयर भी लाभ में थे।
वहीं दूसरी ओर टेक महिंद्रा, डॉ रेड्डीज, सन फार्मा, पावर ग्रिड और टाटा स्टील के शेयर नुकसान में कारोबार कर रहे थे। पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 318.05 अंक या 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 54,843.98 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 82.15 अंक या 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,325.15 अंक पर बंद हुआ था। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.59 प्रतिशत गिरकर 70.89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...