रविवार, 12 जनवरी 2025

यूपी में बूंदाबांदी, तापमान कम होने की संभावना

यूपी में बूंदाबांदी, तापमान कम होने की संभावना 

संदीप मिश्र 
लखनऊ। सुबह-सुबह हुई बारिश ने एक फिर मौसम का मिजाज बदल दिया है। शहर में बादल छाए हुए हैं। शनिवार को निकली धूप से लग रहा था कि ठंड से कुछ राहत मिलेगी। धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक हो गया था। 
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण रविवार को बूंदाबांदी होने से और सोमवार से फिर अधिकतम और न्यूनतम तापमान कम होने की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बूंदाबांदी से मौसम एक बार फिर बदल जाएगा और एक-दो दिन धूप के दर्शन नहीं होंगे। 

दिनांक - अधिकतम तापमान - न्यूनतम तापमान 

6 जनवरी     17.7            7.0 
7 जनवरी     13.5           11.5 
8 जनवरी     17.1           10.6 
9 जनवरी     20.2            6.2 
10 जनवरी    21.6            5.4 
11 जनवरी    23.0            7.0 
12 जनवरी    17.0           11.0। 

लालबाग चौथे दिन भी रहा लाल 

मौसम के बदले मिजाज और हवा के बदले रुख के कारण वायु प्रदूषण एक बार फिर से बढ़ने लगा है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 171 पहुंच गया है। रविवार को हुई बारिश ने वायु प्रदूषण कम करने का काम तो किया है, लेकिन अभी भी हवा लोगों के लिए अनहेल्दी है। लालबाग में वायु गुणवत्ता सूचकांक 193 पहुंच गया और क्षेत्र रेड जोन में रहा। तालकटौरा औद्योगिक क्षेत्र में 164, केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में एक्यूआई 169 रहा। गोमतीनगर 163, बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय में एक्यूआई 162 रहा और कुकरैल पिकनिक स्पाट-1 में एक्यूआई 159 रहा। AQI Index की बात की जाएं, तो लखनऊ में को कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां की हवा शुद्ध हो। 

कौशाम्बी: 'आरोग्य स्वास्थ्य' मेले का आयोजन

कौशाम्बी: 'आरोग्य स्वास्थ्य' मेले का आयोजन 

गणेश साहू 
कौशाम्बी। जनपद में 29 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर रविवार को आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जहां विभिन्न रोगो से ग्रसित कुल 1321 मरीजों का चिकित्सको द्वारा उपचार किया गया। आरोग्य स्वास्थ्य मेले को सफल बनाने के लिए नोडल अधिकारी तथा अपर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो मे आरोग्य स्वास्थ्य मेले के निरीक्षण हेतु जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. संजय कुमार मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, भरवारी, मूरतगंज, एवं मंझनपुर का निरीक्षण किया। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी. एन.यादव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहजादपुर एवं डॉ. सुनील सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शाहपुर का निरीक्षण किया इसी क्रम में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एच. पी.मणि ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, गौसपुर का निरीक्षण किया डा0 एच0 पी0 मणि ने अवगत कराया कि समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री  आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया है। 
अन्य उप मुख्य चिकित्सा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियो ने भी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो का निरीक्षण किया आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 45 चिकित्साधिकारी व 107 पैरामेडिकल कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोग्य स्वास्थ्य मेले में विभिन्न रोगो से ग्रसित कुल 1321 मरीजों का चिकित्सको द्वारा उपचार किया गया एवं 11 मरीजों को जिला संयुक्त चिकित्सालय मंझनपुर कौशाम्बी संदर्भित किया गया। साथ ही मेले मे कुल 52 गोल्डेन कार्ड भी बनाएं गए। 
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला एक स्वास्थ्य कार्यक्रम है, जो उत्तर प्रदेश राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा प्रारंभ किया गया है। इसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इस मेले के तहत, प्रत्येक रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच, उपचार और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त में उपलब्ध कराई जाती हैं। 
इसमें चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाती है, जो विभिन्न बीमारियों के इलाज के लिए उपस्थित रहते हैं। साथ ही, गरीब और असहाय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए गोल्डन कार्ड भी बनाए जाते हैं, जो उपचार के लिए सरकारी अस्पतालों में सहायता प्रदान करते हैं। 

पीआरडी जवानों के भत्ते में 26 फीसदी की बढ़ोतरी

पीआरडी जवानों के भत्ते में 26 फीसदी की बढ़ोतरी 

संदीप मिश्र 
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की तरफ से पीआरडी जवानों को नए वर्ष का तोहफा मिला है। इनके दैनिक भत्ते में करीब 26 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। अब इन्हें दैनिक भत्ते के रूप में 500 रुपये मिलेंगे। 35 हजार पीआरडी जवानों को इसका फायदा मिलेगा। 
सीएम योगी ने पीआरडी जवानों का भत्ता 395 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया है। वर्तमान में प्रदेश में 35 हजार पीआरडी जवान हैं। 
इन सभी को बढ़े हुए भत्ते का लाभ मिलेगा। सरकार के इस कदम से पीआरडी जवानों में खुशी है। 

'राष्ट्रपति' ट्रंप के समारोह में शामिल होंगे जयशंकर

'राष्ट्रपति' ट्रंप के समारोह में शामिल होंगे जयशंकर 

अखिलेश पांडेय 
नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। विदेश मंत्री एस जयशंकर 20 जनवरी को अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। दरअसल, ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में 20 जनवरी को शपथ ग्रहण करेंगे। पिछले साल नवंबर में हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप को 312 इलेक्टोरल वोट्स और हैरिस को 226 इलेक्टोरल वोट्स मिले थे। चुनाव में बहुमत के लिए किसी प्रत्याशी को 270 इलेक्टोरल वोट्स की जरूरत होती है। 
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, वाशिंगटन यात्रा के दौरान जयशंकर अमेरिका के आगामी ट्रंप प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। ट्रंप-वेंस शपथ ग्रहण समिति के निमंत्रण पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति निर्वाचित हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। यात्रा के दौरान विदेश मंत्री अमेरिका के भावी प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ ही समारोह में शामिल होने के लिए अमेरिका आने वाले कुछ अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ भी बैठकें करेंगे। 

पदभार ग्रहण करने का रास्ता साफ... 

बैठक के बाद कमला हैरिस ने एलान किया कि ट्रंप 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने उपराष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के लिए भी ऐसी ही घोषणा की थी। हैरिस ने बताया कि ट्रंप के साथी ओहायो सीनेटर जेडी वेंस को 312 वोट मिले। इसी के साथ अमेरिकी कांग्रेस ने देश के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जीत को प्रमाणित कर 20 जनवरी को उनके पदभार ग्रहण करने का रास्ता साफ कर दिया था। 

भारतीय अमेरिकी ‘ढोल बैंड’ को भी आमंत्रण... 

ट्रंप के शपथ लेने के बाद आयोजित होने वाली परेड में शामिल होने के लिए एक भारतीय अमेरिकी ‘ढोल बैंड’ को भी आमंत्रित किया गया है। यह परेड कैपिटल हिल (अमेरिकी संसद परिसर) से व्हाइट हाउस (अमेरिका के राष्ट्रपति का अधिकारिक आवास एवं कार्यालय) तक निकाली जाएगी। जानकारी के मुताबिक, टेक्सास स्थित भारतीय पारंपरिक ‘ढोल बैंड’ समूह ‘शिवम ढोल ताशा पाठक’ अपनी जीवंत ताल और जोशीले धुन के साथ वाशिंगटन में इस कार्यक्रम के दौरान दुनिया को भारत की समृद्ध संगीत परंपराओं की एक झलक पेश करेगा, जिसे विश्व भर में लाखों लोग देखेंगे। यह पहली बार है, जब टेक्सास राज्य से भारतीय पारंपरिक ‘ढोल बैंड’ समूह इतने भव्य मंच पर प्रदर्शन करेगा। 

'सीएम' ने होनहार युवा अमन को सम्मानित किया

'सीएम' ने होनहार युवा अमन को सम्मानित किया 

गोपीचंद 
बागपत। बागपत के होनहार युवा अमन कुमार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के सर्वोच्च युवा पुरस्कार, स्वामी विवेकानन्द यूथ अवार्ड से सम्मानित किया। अमन कुमार के कार्यों व उपलब्धियों के दम पर पहली बार बागपत जिले ने अंतिम सूची में स्थान बनाया और यह जिले के इतिहास में प्रथम राज्य युवा पुरस्कार के रूप में दर्ज हुआ। 
राष्ट्रीय विकास एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में यह पुरस्कार जीवनकाल में एक बार प्रदान किया जाता है। युवा कल्याण विभाग एवं प्रांतीय रक्षक दल महानिदेशालय द्वारा स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती के अवसर पर लोकभवन, लखनऊ में स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड समारोह का भव्य आयोजन किया गया जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से अमन कुमार को विवेकानंद के विचारों का सजीव दीपस्तंभ मानते हुए स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा, प्रमाण पत्र, शॉल और 50 हजार राशि का चेक प्रदान किया गया। 
पुरस्कार राशि से अमन, स्वामी विवेकानंद के विचारों को साहित्य के माध्यम से युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधन में विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित हुए युवाओं के कार्यों की प्रशंसा की और विकसित भारत राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान युवा कल्याण एवं खेल मंत्री गिरीश यादव, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के महानिदेशक सुहास एल वाई एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें। 
वर्तमान में अमन कुमार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय में समाज कार्य में अध्ययनरत है। उन्होंने इंटर कॉलेज सरूरपुर खेड़की से इंटरमीडिएट करने के उपरांत निजी कंपनी में सीईओ के पद पर कार्य किया। स्वामी विवेकानन्द के जीवन से प्रेरणा लेकर सीईओ की नौकरी त्याग समाज के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया और तकनीकी नवाचार से सामाजिक बदलाव हेतु जुट गए। उनके प्रयासों ने शिक्षा, कला-संस्कृति, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, मतदाता जागरूकता, पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली, स्वच्छ भारत अभियान, राष्ट्रीय एकता, विज्ञान एवं नवाचार, बाल सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, कौशल विकास, खेलकूद, युवा सशक्तिकरण, सतत विकास लक्ष्यों और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मूल रूप से ट्यौढी गांव निवासी 22 वर्षीय युवा अमन कुमार ने विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय महत्व के संस्थानों के कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान देकर अपनी अलग पहचान बनाई। 
यूनिसेफ इंडिया के नेशनल यू एंबेसडर बने। यूनेस्को की ग्लोबल यूथ कम्युनिटी में सदस्यता पाई। फिनलैंड के हंड्रेड संस्थान के यूथ एम्बेसडर, एकेडमी मेंबर और ग्लोबल एडवाइजर बने। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के नेचर पॉजिटिव यूनिवर्सिटीज, यूएनएफसीसीसी के यांगो नेटवर्क, क्लाइमेट कार्डिनल्स चैप्टर, ग्लोबल यूथ बायोडायवर्सिटी नेटवर्क से जुड़े है। 
अमन कुमार ने तकनीकी और नवाचार के अपने हुनर से स्थानीय प्रशासन के भी कार्यक्रमों में स्वैच्छिक योगदान दिया। दिल्ली नोएडा में आईटी जॉब्स का विकल्प छोड़कर तकनीकी से स्थानीय समुदाय में बदलाव लाने की ठानी। कांवड़ यात्रा एप बनाकर लाखों कांवड़ियों की यात्रा सुगम बनाई। नगर निकाय निर्वाचन एप और स्वीप बागपत एप भी लाखों मतदाताओं का सारथी बना। वहीं नेहरू युवा केन्द्र, युवा कल्याण विभाग के कार्यक्रमों में भी अग्रणी सहभागिता दी। जिला स्वीप कोर कमेटी के युवा सदस्य बने जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने भी सराहा। वहीं ग्राम पंचायत फैज़पुर निनाना की वेबसाइट बनाकर डिजिटल इंडिया का संकल्प दोहराया। 

अमन की उपलब्धियों से गौरवान्वित हुआ बागपत 

78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में भारत सरकार के विशेष युवा अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। नई दिल्ली में यूनिसेफ इंडिया मुख्यालय में इंडियाज मोस्ट वैल्यूएबल यू रिपोर्टर अवार्ड पाया। 
वहीं, ऋषिहुड यूनिवर्सिटी ने चेंजिंग चॉक्स अवार्ड, पृथ्वी अभ्युदय इंडिया द्वारा शिक्षा रत्न सम्मान, नन्हे ज्ञान फाउंडेशन ने यंग ट्रांसफॉर्मर्स अवार्ड, एजुकलाउड्स ने एंपावर्ड अवार्ड, नीरा अमृत सम्मान समेत अन्य पुरस्कारों से अमन कुमार सम्मानित हुए। राष्ट्रीय युवा दिवस पर उनके नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। 

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-13, (वर्ष-11)

पंजीकरण संख्या:- UPHIN/2014/57254

2. सोमवार, जनवरी 13, 2024

3. शक-1945, पौष, शुक्ल-पक्ष, तिथि-प्रतिपदा, विक्रमी सवंत-2079‌‌। 

4. सूर्योदय प्रातः 05:39, सूर्यास्त: 06:58।

5. न्‍यूनतम तापमान- 21 डी.सै., अधिकतम- 15 डी.सै.। गर्जना के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।

7. स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय (डिजीटल सस्‍ंकरण)। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।

9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

(सर्वाधिकार सुरक्षित) 

'राष्ट्रपति' ने विकास के प्रति दृष्टिकोण स्पष्ट किया

'राष्ट्रपति' ने विकास के प्रति दृष्टिकोण स्पष्ट किया  अखिलेश पांडेय  औगाडौगू। वर्तमान में वैश्विक वातावरण अस्थिर हो रहा है। कई देशों...