शुक्रवार, 6 जनवरी 2023

सरकार पर निशाना, अब दो 'हिंदुस्तान' बन गए 

सरकार पर निशाना, अब दो 'हिंदुस्तान' बन गए 

अकांशु उपाध्याय/राणा ओबरॉय 

नई दिल्ली/पानीपत। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के विषयों को लेकर शुक्रवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि अब दो हिंदुस्तान बन गए हैं, एक किसानों-मजदूरों के लिए है और दूसरा 200-300 अमीरों के लिए है। उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत यहां आयोजित जनसभा में यह दावा भी किया कि नोटबंदी और ‘गलत’ जीएसटी रूपी ‘हथियार’ ने छोटे व्यापारियों की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी।

राहुल गांधी ने यह सवाल भी किया कि तीनों कृषि कानूनों पर प्रधानमंत्री मोदी को अपनी ‘गलती’ मानने में एक साल का समय क्यों लग गया? उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि मौजूदा समय में हरियाणा ‘बेरोजगारी का चैम्यिपन’ बन गया है और इस प्रदेश में युवाशक्ति जाया हो रही है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उनकी यह यात्रा पूरे देश को जोड़ रही है और करोड़ों लोग अब ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोल रहे हैं। राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘जितना धन आधे हिंदुस्तान के हाथ में है, उतना धन सबसे अमीर 100 लोगों के पास है। क्या आपको इसमें न्याय दिखाई देता है? आज दो हिंदुस्तान बन गए हैं। एक हिंदुस्तान किसान, मजदूर, छोटे दुकानदारों और बेरोजगार युवाओं का है। इसमें करोड़ों लोग रहते हैं।

दूसरा हिंदुस्तान 200-300 लोगों का है, जिनके पास पूरा का पूरा धन है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी जी ने नोटबंदी की और गलत जीएसटी को लागू किया। ये कोई नीतियां नहीं थीं, बल्कि छोटे और मध्यम व्यापारों को खत्म करने के हथियार थे। इन दो हथियारों ने छोटे और मझोले व्यापारियों की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी।’’ राहुल गांधी ने हरियाणा में बेरोजगारी की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘आज 21वीं सदी में हरियाणा बेरोजगारी का चैम्पियन बन गया है। (राज्य में) आज बेरोजगारी दर 38 प्रतिशत है। यह कोई खुशी की बात नहीं है। हरियाणा में युवाशक्ति जाया हो रही है।’’ उन्होंने सेना में अल्पकालिक भर्ती की ‘अग्निपथ’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘ये (भाजपा) कहते हैं कि हम देशभक्त हैं। मुझे इनकी देशभक्ति समझाओ।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हिंदुस्तान में लाखों युवा सुबह चार बजे उठकर दौड़ लगाते हैं और ये युवा तिरंगा की रक्षा करने का सपना देखते हैं... पहले हर साल 80 हजार युवा सेना के लिए चयनित होते थे। वे अलग-अलग राज्यों में तैनात होते थे। ये जवान अपनी पूरी जिंदगी देश के लिए लगाते थे, सीमा पर खड़े होते थे, उसकी निगरानी करते थे। देश की खातिर अपना खून देने के लिए ये युवा सेना में भर्ती होते थे।’’ उन्होंने कहा कि पहले युवाओं को सेना में भर्ती होने पर उचित प्रशिक्षण और 15 साल की सेवा और सेवानिवृत्ति के बाद यथोचित सुविधा का वादा किया जाता था, लेकिन ‘अग्निपथ’ योजना ने इन वादों को तोड़ दिया है। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जब मैं यह सब बातें करता हूं, तो भाजपा के लोग कहते हैं कि मैं सेना के खिलाफ बातें कर रहा हूं। मैं तो सेना के भले के लिए बात कर रहा हूं।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा के लोगों ने पूरे देश में डर और नफरत फैलाने का काम किया है। ये सब योजनाएं डर फैलाती हैं। ये पहले डर फैलाते हैं और फिर उसे नफरत में बदल देते हैं।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान सिर्फ मैं ही नहीं खोल रहा हूं, बल्कि करोड़ों लोग खोल रहे हैं....। यात्रा ने नफरत को मिटाने का काम किया है। यह यात्रा भारत को जोड़ने का काम कर रही है।’’ उन्होंने रद्द हो चुके तीनों कृषि कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘जब किसान तीन काले कानून के खिलाफ खड़े हुए, तो नरेंद्र मोदी जी ने कहा - गलती हो गई। किसान सर्दी में, बारिश में बैठा था। 700 किसान शहीद हो गए। एक साल लग गए गलती पहचानने में।’’

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...