गुरुवार, 22 दिसंबर 2022

'भारत जोड़ो यात्रा' को रोकने के लिए कोरोना का बहाना

'भारत जोड़ो यात्रा' को रोकने के लिए कोरोना का बहाना

अकांशु उपाध्याय/राणा ओबरॉय 

नई दिल्ली/नूंह। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि 'भारत जोड़ो यात्रा' को रोकने के लिए कोरोना का बहाना बनाया जा रहा है। दरअसल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने एक चिट्ठी लिखकर राहुल गांधी से भारत जोड़ो यात्रा को स्थगित करने की अपील की थी। राहुल गांधी ने हरियाणा के नूंह में कहा कि उनकी यात्रा को रोकने की साजिश की जा रही है। राहुल ने कहा कि बीजेपी के लोग इस यात्रा से डर गए हैं। इससे पहले कांग्रेस के कई नेताओं ने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए कोरोना का डर दिखाया जा रहा है। राहुल गांधी ने नूंह में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा, इन्होंने नया आइडिया निकाला है।

मुझे चिट्ठी लिखी कि कोविड आ रहा है, यात्रा बंद करो। कोविड आ रहा है यात्रा बंद करो। अब भैया मतलब आप देखिए अब यात्रा को रोकने के लिए बहाने बन रहे हैं। मास्क पहनो यात्रा बंद करो कोविड फैल रहा है। सब बहाने हैं। हिंदुस्तान की शक्ति हिंदुस्तान की सच्चाई से से ये लोग डर रहे हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा, आप देखिए मैं आपको मजेदार बात बताता हूं। यात्रा में अब हम 100 दिन से ज्यादा चले हैं। इसमें हिंदू, मुसलमान, सिख और ईसाई हर जाति-धर्म के लोग हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने 21 दिसंबर को मेवात के नूंह के रास्ते हरियाणा में एंट्री की थी। हरियाणा में यात्रा दो चरणों में है। 23 दिसंबर को फरीदाबाद होते हुए यात्रा दिल्ली की ओर पहुंचेगी। दिल्ली में यात्रा 24 दिसंबर को प्रवेश करेगी। वहीं हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण 6 जनवरी को शुरू होगा।

कोविड संक्रमण पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राहुल गांधी को खत लिखकर यात्रा रोकने की अपील की थी। यात्रा की प्रांतीय समन्वय समिति के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने कहा है कि यात्रा नहीं रोकी जाएगी। खुर्शीद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, कांग्रेस अपनी यात्रा में कोविड से बचाव संबंधी तमाम सावधानियों का पालन सबसे पहले हर हाल में करेगी, लेकिन यात्रा नहीं रुकेगी, नहीं रुकेगी, नहीं रुकेगी। कांग्रेस नेता से पूछा गया था कि मांडविया ने राहुल को पत्र लिखकर यात्रा रोकने को कहा है, तो क्या यात्रा कार्यक्रम पर इसका असर पड़ेगा। इस पर खुर्शीद ने कहा, 'लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर पार्टी और व्यक्ति को अपनी बात कहने का अधिकार है। कांग्रेस की इस यात्रा से सरकार डर गई है इसीलिए तरह-तरह की आदेश और पत्र जारी किए जा रहे हैं। जिन्हें कोविड से डर नहीं लगा वे यात्रा से डर गए। हम किसी पत्र को गम्भीरता से नहीं लेंगे।'

खुर्शीद ने एक अन्य सवाल पर कहा कि पार्टी यात्रा निकालने के लिए संबंधित प्रशासन से जरूरी अनुमति लेती है। अगर बीजेपी सरकार ने प्रशासन के जरिए 'भारत जोड़ो यात्रा' को रोकने की कोशिश की तो उसे लोकतांत्रिक संस्थाओं को जवाब देना पड़ेगा। संसद में मास्क को अनिवार्य किए जाने और प्रधानमंत्री के मास्क पहनकर सदन पहुंचने के बारे में पूछे गये एक सवाल पर खुर्शीद ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे थियेटर आर्टिस्ट हैं।

उत्तर प्रदेश में यात्रा के कार्यक्रम के बारे में उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा आगामी तीन जनवरी को गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। उसके बाद वह बागपत और शामली होते हुए हरियाणा में दाखिल हो जाएगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश में 'भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा, यात्रा में पार्टी के कम से कम 11 हजार कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे और वे पूरे समय यात्रा में शामिल रहेंगे। किसान संगठनों, छात्र संघों और बुनकर संगठनों को भी यात्रा में शिरकत का निमंत्रण दिया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ताओं, लेखकों, कवियों और आध्यात्मिक हस्तियों को भी यात्रा में शामिल होने का न्यौता दिया जा रहा है।'

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की

डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की पंकज कपूर  नैनीताल/हल्द्वानी। उच्च न्यायालय उत्तराखंड द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में नैनीताल ...