रविवार, 30 अक्तूबर 2022

मैच: दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पांच विकेट से हराया

मैच: दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पांच विकेट से हराया

मोमीन मलिक 

नई दिल्ली/प्रिटोरिया। तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी की घातक गेंदबाजी तथा एडेन मार्कराम और डेविड मिलर के अर्धशतकों की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को यहां टी-20 विश्वकप के सुपर 12 के कम स्कोर वाले मैच में भारत को पांच विकेट से हराया। भारत की हार का कारण शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी रही, जो ऑप्टस स्टेडियम की तेज और उछाल भरी पिच से सामंजस्य नहीं बिठा पाए। भारत को पांचवें तेज गेंदबाज की कमी खली क्योंकि ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने चार ओवर में 43 रन दिए।

दक्षिण अफ्रीका ने 134 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन विकेट 24 रन पर गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद मार्कराम (41 गेंदों पर 52 रन, छह चौके, एक छक्का) और मिलर (46 गेंदों पर नाबाद 59 रन, तीन चौके, तीन छक्के) ने चौथे विकेट के लिए 76 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी करके अपनी टीम का स्कोर 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 137 रन तक पहुंचाया। भारत ने पांच विकेट 49 रन पर गंवा दिए थे, जिसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 40 गेंदों पर 68 रन बनाए जिसमें तीन छक्के और छह चौके शामिल हैं। इसके बावजूद पहले बल्लेबाजी करने उतरा भारत नौ विकेट पर 133 रन ही बना पाया।

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एनगिडी ने 29 रन देकर चार विकेट और वेन पर्नेल ने 15 रन देकर तीन विकेट लिये। इस जीत से दक्षिण अफ्रीका ग्रुप दो में पांच अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गया है जबकि भारत दूसरे स्थान पर खिसक गया है। भारत की तरह दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों के लिए भी नई गेंद के सामने पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं रहा। अर्शदीप सिंह (25 रन देकर दो) ने अपने पहले ओवर में ही क्विंटन डिकॉक (एक) और अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं रिली रोसो (शून्य) को आउट करके भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। मोहम्मद शमी (चार ओवर में 13 रन देकर एक) ने कप्तान तेंबा बावुमा (10) को विकेट के पीछे कैच कराया और इस तरह से दक्षिण अफ्रीका पावरप्ले में तीन विकेट पर 24 रन ही बना पाया।

भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करके दस ओवर तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 40 रन तक ही पहुंचने दिया। मार्कराम और मिलर ने इसके बाद तेजी दिखाई। इस बीच विराट कोहली ने अश्विन की गेंद पर मार्कराम का कैच भी छोड़ा, जिसका जश्न इन दोनों ने इस ऑफ स्पिनर के अगले ओवर में छक्के जड़कर मनाया। मार्कराम ने 38 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके तुरंत बाद हार्दिक पंड्या ने उन्हें पवेलियन की राह दिखाकर भारत की उम्मीदें जगाई।

जब दक्षिण अफ्रीका को 18 गेंदों पर 25 रन की दरकार थी तब रोहित ने अश्विन को गेंद सौंपी। मिलर ने उनकी पहली दो गेंदों पर छक्के जड़कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। इससे पहले भारत ने पावरप्ले में ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट रोहित (15) और केएल राहुल (नौ) के विकेट गंवा दिये। रोहित को कैगिसो रबाडा की गेंद पर जीवनदान भी मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और जब एनगिडी पांचवा ओवर करने के लिए आए तो भारतीय कप्तान ने गेंदबाज को वापस कैच थमा दिया।

राहुल की खराब फॉर्म जारी रही। एनगिडी ने अपने इसी ओवर में उन्हें स्लिप में कैच कराकर भारत को दूसरा झटका दिया। भारत ने पावरप्ले में दो विकेट पर 33 रन बनाए। एनगिडी ने अपने दूसरे ओवर में विराट कोहली (12) के रूप में भारत को तीसरा बड़ा झटका दिया। पिछले दो मैचों में अर्धशतक जड़ने वाले कोहली ने इस ओवर की पहली दो गेंदों पर चौके लगाए लेकिन जल्द ही उन्होंने फाइन लेग पर रबाडा को कैच थमा दिया। दीपक हुड्डा को पांचवें नंबर पर उतारा गया लेकिन एनरिक नोर्किया ने उन्हें खाता भी नहीं खोलने दिया। हार्दिक पंड्या केवल दो रन बना पाए। एनगिडी की गेंद पर रबाडा ने उनका शानदार कैच लपका।

अब दारोमदार सूर्यकुमार पर था जिन्होंने नोर्किया की गेंद छह रन के लिए भेज कर दबाव हटाने की कोशिश की। स्पिनर केशव महाराज पर लगाया गया उनका छक्का दर्शनीय था। सूर्यकुमार ने एनगिडी पर छक्का और फिर चौका लगाकर 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दस ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 60 रन था और सूर्यकुमार के बल्ले से निकले रनों की बदौलत उसने 15 ओवर में अपना स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन शुरू से रन बनाने के लिए जूझ रहे दिनेश कार्तिक (15 गेंदों पर छह) ने इसके तुरंत बाद अपना विकेट गंवा दिया।

सूर्यकुमार और कार्तिक ने 52 रन की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने एक छोर से रन बनाने जारी रखे लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई मदद नहीं मिली। रविचंद्रन अश्विन भी केवल सात रन बना पाए। पर्नेल ने अश्विन को आउट करने के बाद भारतीय पारी के इस 19वें ओवर में सूर्यकुमार का कीमती विकेट भी लिया


7:45 PM : मार्करम आउट

16 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवाकर 102 रन बना लिए हैं। टीम को 24 गेंदों में 32 रन की जरूरत है। फिलहाल डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं। 16वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने एडेन मार्करम को सूर्यकुमार यादव को कैच आउट कराया। मार्करम ने 41 गेंदों पर 52 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें रोहित-कोहली ने दो जीवनदान दिए थे। मार्करम और मिलर के बीच 60 गेंदों में 76 रन की साझेदारी निभाई।


7:35 PM :  भारत की खराब फील्डिंग

13वें ओवर में भारी ड्रामा देखने को मिला। ओवर की पांचवीं गेंद पर रोहित शर्मा ने रन आउट का आसान मौका गंवा दिया। मार्करम तब तक हाफ क्रीज पर थे। रोहित स्टंप के पास पहुंचकर थ्रो करने पर भी विकेट को हिट नहीं कर सके। मार्करम को मिला यह दूसरा जीवनदान था। इससे पहले कोहली ने 12वें ओवर में मार्करम का आसान कैच छोड़ा था। 14वें ओवर में मार्करम और मिलर ने मिलकर 17 रन बनाए। इस ओवर में दोनों ने एक-एक छक्का लगाया। 14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 85 रन है। अफ्रीका को 36 गेंदों में 49 रन की जरूरत है।


7:13 PM :  मार्करम को मिला जीवनदान

12 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 65 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर 20 गेंदों में 13 रन और एडेन मार्करम 32 गेंदों में 36 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 40+ रन की साझेदारी हो चुकी है। इस ओवर में अश्विन की पांचवीं गेंद पर विराट कोहली ने डीप मिड ऑन पर मार्करम का आसान कैच छोड़ दिया। गेंद कोहली के हाथ से लगकर छिटक गई। तब मार्करम 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।


7:13 PM : 10 ओवर के बाद द. अफ्रीका 40/3

10 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 40 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम 25 गेंदों में 23 रन और डेविड मिलर 15 गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 16 रन की साझेदारी हो चुकी है। आठवें ओवर में डेविड मिलर बाल-बाल बचे। शमी के इस ओवर की पहली ही गेंद जाकर मिलर के बैटिंग पैड पर लगी। इस पर कप्तान रोहित शर्मा ने रिव्यू लिया।

हालांकि, डीआरएस में जब गेंद बल्ले के बगल से जा रही थी तो स्पाइक दिखा। इस पर थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज के फेवर में फैसला सुनाया। हालांकि, रोहित इससे नाखुश दिखे। इसके बाद नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर मार्करम और मिलर के बीच रन को लेकर कन्फ्यूजन पैदा हो गई। मार्करम नॉन स्ट्राइकर एंड पर आधे क्रीज तक आगे निकल गए थे। रोहित शर्मा ने थ्रो किया लेकिन वह विकेट के ऊपर से निकल गई। डायरेक्ट हिट पर मार्करम पवेलियन लौट गए होते।


7:05 PM : आठ ओवर के बाद अफ्रीका 33/3

आठ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 33 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम 19 रन और डेविड मिलर दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। इस ओवर में मोहम्मद शमी गेंदबाजी कर रहे थे। पहली ही गेंद जाकर मिलर के बैटिंग पैड पर लगी। इस पर कप्तान रोहित शर्मा ने रिव्यू लिया। हालांकि, डीआरएस में जब गेंद बल्ले के बगल से जा रही थी तो स्पाइक दिखा। इस पर थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज के फेवर में फैसला सुनाया। हालांकि, रोहित इससे नाखुश दिखे।


6:54 PM : दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका

पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी छठे ओवर में दक्षिण अफ्रीका की टीम को तीसरा झटका लगा। मोहम्मद शमी ने कप्तान तेम्बा बावुमा को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। बावुमा 15 गेंदों में 10 रन बना सके। पावरप्ले खत्म होने के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 24 रन है। फिलहाल डेविड मिलर और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं। इससे पहले अर्शदीप सिंह ने एक ही ओवर में क्विंटन डिकॉक और राइली रूसो को आउट किया था।


6:38 PM : अर्शदीप की शानदार गेंदबाजी

पर्थ की पिच पर अर्शदीप सिंह शानदार लय में दिख रहे हैं और बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। अर्शदीप ने अब तक अपने दो ओवर में सिर्फ आठ रन दिए हैं और दो विकेट ले चुके हैं। अपने दूसरे ओवर में भी उन्होंने एडेन मार्करम को खासा परेशान किया। उनके इस ओवर में सिर्फ चार रन बने। चार ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 13 रन है।


6:30 PM : अफ्रीकी टीम को दो झटके

अर्शदीप सिंह ने अफ्रीकी पारी के दूसरे ओवर में कहर बरपाया है। उन्होंने मैच में अपनी पहली ही गेंद पर क्विंटन डिकॉक को स्लिप में केएल राहुल के हाथों कैच कराया। डिकॉक एक रन बना सके। इसके बाद तीसरी गेंद पर राइली रूसो को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। रूसो खाता भी नहीं खोल सके। रूसो ने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में शतक जड़ा था। दो ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर सात रन है। फिलहाल एडेन मार्करम और तेम्बा बावुमा क्रीज पर हैं।


भारत पारी :

केएल राहुल का मार्कराम बो एनगिडी        09

रोहित शर्मा का एवं बो एनगिडी                 15

विराट कोहली का रबाडा बो एनगिडी         12

सूर्यकुमार यादव का महाराज बो पर्नेल        68

दीपक हुड्डा का डिकॉक बो नोर्किया            00

हार्दिक पंड्या का रबाडा बो एनगिडी          02

दिनेश कार्तिक का रोसोऊ बो पर्नेल            06

रविचंद्रन अश्विन का रबाडा बो पर्नेल           07

भुवनेश्वर कुमार नाबाद                               00

मोहम्मद शमी रन आउट                            02

अर्शदीप सिंह नाबाद                                 02

अतिरिक्त :                                               08

कुल : 20 ओवर में नौ विकेट पर                133 रन


6:10 PM : भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 133 रन बनाए

भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 134 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 133 रन बनाए। टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी। 23 पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा था। कप्तान रोहित शर्मा 14 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद तो विकेट की झड़ी लग गई।


6:02 PM : भारत का स्कोर 124 /7 

अभी भारत का स्कोर 18.1 ओवर में सात विकेट पर 124 रन है। सूर्यकुमार यादव तेजी से रन बना रहे हैं।


5:44 PM : सूर्या ने जड़ी शानदार फिफ्टी

सूर्यकुमार यादव ने लगातार दूसरी फिफ्टी जड़ी है। सूर्या ने 30 गेंदों पर यह उपलब्धि हासिल की, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। भारत का स्कोर 15 ओवर में 5 विकेट पर 101 रन है। सूर्या 51 और दिनेश कार्तिक छह रन पर खेल रहे हैं।


5:35 PM : सूर्याकुमार और दिनेश कार्तिक क्रीज पर

भारत का टॉप ऑर्डर फ्लॉप रहा। आठ ओवर के भीतर टीम इंडिया के पांच बल्लेबाज आउट हो गए। अभी क्रीज पर सूर्याकुमार और दिनेश कार्तिक हैं। तबरेज शम्सी की जगह टीम में लिए गए लुंगी एनगिडी ने चार विकेट लिए। भारत का स्कोर 13 ओवर में 5 विकेट पर 84 रन है।


5:20 PM : 1000 रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने विराट कोहली 

विराट कोहली ने अपनी 12 रनों की पारी के दौरान एक खास माइलस्टोन हासिल किया। कोहली अब टी20 वर्ल्ड कप में 1000 रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले श्रीलंका के महेला जयवर्धने ही 1000 रन का आंकड़ा छू सके थे।


5:15 PM : भारत की आधी टीम आउट

अब हार्दिक पंड्या भी पवेलियन लौट गए हैं। हार्दिक को लुंगी एनगिडी ने कैगिसो रबाडा के हाथों कैच आउट कराया। हार्दिक महज दो रन बना पाए। भारत का स्कोर 50/5 है।


5:10 PM :  दीपक हुड्डा को भी किया चलता

दीपक हुड्डा भी आउट हो गए हैं। हुड्डा को एनरिक नॉर्किया ने विकेट के पीछे कैच आउट कराया। हुड्डा अपना खाता भी नहीं खोल पाए। अभी क्रीज पर सूर्याकुमार और हार्दिक पंड्या हैं। भारत का स्कोर 8 ओवर में 47 रन है।


5: 05 PM : विराट कोहली भी पैवेलियन लौटे

विराट कोहली  भी12 रन बनाकर पैवेलियन लौटे गए हैं। इंडिया का स्कोर सात ओवर में तीन विकेट पर 41 रन है।


4:59 PM : केएल राहुल आउट

टीम इंडिया के दो विकेट गिर चुके हैं। केएल राहुल भी आउट हो गए हैं। उन्हें लुंगी एनगिडी ने एडेन मार्करम के हाथों कैच आउट कराया। भारत का स्कोर 5.5 ओवर के बाद दो विकेट पर 33 रन है। कोहली चार और सूर्या एक रन बनाकर खेल रहे हैं।


4:55 PM :  रोहित शर्मा आउट,भारत का स्कोर- 23/1

भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। कप्तान रोहित शर्मा 15 रन बनाकर आउट हो गए हैं। उन्हें लुंगी एनगिडी ने कॉट एंड बोल्ड आउट किया। भारत का स्कोर 4.2 ओवर के बाद 23/1 है। केएल राहुल और विराट कोहली क्रीज पर हैं।


4:40 PM :  भारत का स्कोर- 6/0

दो ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के छह रन है। रबाडा के पिछले ओवर में रोहित शर्मा ने एक बेहतरीन छक्का लगाया। रोहित शर्मा छह और केएल राहुल 0 पर नाबाद हैं।


4:37 PM : पहला ओवर रहा मेडन

भारतीय टीम की बैटिंग शुरू हो चुकी है। पहला ओवर वेन पार्नेल ने डाला, जिसमें कोई रन नहीं बना। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर 0/0. रोहित शर्मा और केएल राहुल क्रीज पर हैं।


4:20 PM : हम जानते हैं कि इस पिच पर क्या करना है-रोहित शर्मा

कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस के बाद कहा, “हम बल्लेबाजी करेंगे। यह एक अच्छी पिच है। हम जानते हैं कि इस पिच पर क्या करना है। वाका में आयोजित कैंप ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को उछाल की आदत डालने में मदद की। टीम में एक बदलाव है, अक्षर बाहर हैं, जबकि दीपक हुड्डा अंदर आए हैं।


4:10 PM : ये है भारत की प्लेइंग-11

भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, हार्दिक पंड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।


4:05 PM : साउथ अफ्रीका की प्लेइंग-11

साउथ अफ्रीका (प्लेइंग इलेवन): क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), रिले रोसो, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया  इकबाल अंसारी  चेन्नई। देश में इन दिनों आईपीएल की धूम मची हुई है। गत चैम्पियन चेन्नई सुपर...