रविवार, 20 फ़रवरी 2022

विधानसभा: 3 घंटे में 17.77 प्रतिशत मतदान हुआ

विधानसभा: 3 घंटे में 17.77 प्रतिशत मतदान हुआ    

अमित शर्मा    

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों के लिये रविवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। राज्य में पहले तीन घंटों (11 बजे तक) में 17.77 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और कुछेक घटनाओं को छोड़ कर शांतिपूर्ण चल रहा है। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में शुरूआत में यह धीमा रहा। लेकिन शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत तेजी देखी गई।ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह ठंड के कारण इक्का-दुक्का मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच। लेकिन सूरज चढ़ने के साथ इनकी संख्या बढ़ने लगी। लोग सुबह का कामकाज निपटा कर मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे और कतारें लगनी शुरू हो गईं। शहरी क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की जल्द ही कतारें लगनी शुरू हो गईं। पहले एक घंटे में 4.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। आम आदमी पार्टी(आप) का मुख्यमंत्री पद का चेहरा और सांसद भगवंत मान ने गुरूद्वारा सच्चा धन में मत्था टेकने के बाद मोहाली के फेज-तीन मतदान केंद्र में मतदान किया और इसके बाद वह संगरूर रवाना हो गये।

उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार सुखजिंदर सिंह रंधावा ने डेरा बाबा नानक और ओम प्रकाश सोनी ने अमृतसर-सैंट्रल ,कैबिनेट मंत्री परगट सिंह ने जालंधर कैंट के मीठापुर, कैबिनेट मनप्रीत सिंह बादल ने मुक्तसर जिले के बादल गांव और अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद ने मोगा में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मतदान किया। कैबिनेट मंत्री भरत भूषण आशु ने लुधियाना, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अबोहर विधानसभा के पंचकोसी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पठानकोट में मतदान किया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के साथ अमृतसर के स्वामी विवेकानंद कॉलेज में मतदान किया। कांग्रेस सांसद प्रताप सिंह बाजवा ने गुरदासपुर और मनीष तिवारी ने लुधियाना में वोट डाला।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उनके सांसद पुत्र और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने मुक्तसर जिले के बादल गांव में मतदान किया। सुखबीर बादल ने इस चुनाव में शिरोमणि अकाली दल(शिअद) और बहुजन समाज पार्टी(बसपा) गठबंधन को 80 से ज्यादा सीटें मिलने और राज्य में सरकार बनाने का का दावा किया। पंजाब के सबसे अमीर उम्मीदवार कुलवंत सिंह कलसन ने मोहाली के सेक्टर 71 के मतदान बूथ पर परिवार सहित मतदान किया।उनकी आमदनी 233 करोड़ रुपये है। जुड़वां भाई सोहना मोहना ने अमृतसर के मानावाला स्कूल स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। दोनों ने अलग अलग मतदान किया। इस दौरान गोपनीयता सुनिश्चित की गई।

चुनाव मैदान में विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीयों समेत कुल 1,304 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जिनमें 93 महिलाएं, दो थर्ड जेंडर और शेष 1,209 पुरुष हैं। राज्य में 14,684 स्थलों पर 24,740 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इनमें से 1,051 जगहों पर 2,013 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किये गये हैं। राज्य के कुल 2,14,99,804 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1,12,98,081 पुरूष, 1,02,00,996 महिला और 727 थर्ड जेंडर हैं। जो आज चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद करेंगे और 10 मार्च को इन उम्मीदवारों को भाग्य का फैसला आयेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...