शनिवार, 1 जनवरी 2022

निकारागुआ के ताइवान से संबंध समाप्त किए: चीन

निकारागुआ के ताइवान से संबंध समाप्त किए: चीन

अखिलेश पांडेय       बीजिंग। चीन ने वर्ष 1990 के बाद से पहली बार निकारागुआ में दूतावास खोला है। चीन ने यह कदम निकारागुआ के राष्ट्रपति डेनियल ओर्टेगा की सरकार के ताइवान से संबंध समाप्त करने के बाद उठाया है। विदेश मंत्री डेनिस मोनकाडा ने कहा कि दोनों देशों के बीच एक प्रकार की ” वैचारिक आत्मीयता” है। मोनकाडा ने कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीके सिनोफार्म की दस लाख खुराक देने के लिए चीन का आभार भी व्यक्त किया। दरअसल ओर्टेगा की सरकार ने चीन के साथ 1985 में संबंध स्थापित किए थे, लेकिन 1990 में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव हार जाने के बाद देश के नए राष्ट्रपति विलेटा कामारो की सरकार ने ताइवान को मान्यता दे दी।

निकारागुआ की सरकार ने ताइवान के साथ नौ दिसंबर को संबंध समाप्त कर लिए थे और पिछले सप्ताह उसने ताइवान के दूतावास कार्यालय बंद कर दिए तथा कहा कि वे चीन के हैं। हालांकि चीन का नया दूतावास किसी और स्थान पर है तथा फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह ताइवान की इमारत का क्या करेगा। ताइवान के राजनयिकों ने एक सप्ताह पहले प्रस्थान करने से पहले यह संपत्ति मनागुआ के रोमन कैथोलिक आर्चडीओसीज को दान करने का प्रयास किया था, लेकिन ओर्टेगा की सरकार ने कहा कि इस तरह का कोई भी दान अवैध होगा। ताइवान के विदेश मंत्रालय ने ”ओर्टेगा शासन की गंभीर अवैध कार्रवाइयों” की निंदा करते हुए कहा कि निकारागुआ सरकार ने ताइवान के राजनयिकों को देश से बाहर जाने के लिए केवल दो सप्ताह का वक्त देकर मानक प्रक्रियाओं का उल्लंघन किया है।

अमेरिका में गोलाबारी के कारण 2 लोग घायल: हादसा

सुनील श्रीवास्तव      वाशिंगटन डीसी। अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस में एक मॉल में आपसी झगड़े के बाद गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए। इस घटना से नव वर्ष से पहले खरीदारी के लिए जुटे लोगों में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्थानीय समयानुसार शुक्रवार अपराह्न साढ़े चार बजे गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी और एक व्यक्ति मामूली रूप से घायल हुआ।

इस घटना के बाद लोगों को ‘मॉल ऑफ अमेरिका’ से बाहर निकाला गया और मॉल को बंद कर दिया गया। ब्लूमिंगटन के पुलिस उप प्रमुख किम क्लौसन ने बताया कि गोलीबारी की घटना की सूचना मिलने के कुछ मिनट के भीतर पुलिस और मॉल के सुरक्षा कर्मी वहां पहुंच गए। क्लौसन ने बताया कि एक व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आशंका है कि गोलीबारी करने वाला मॉल से भाग निकला। क्लौसन ने बताया कि ऐसा लगता है कि दो लोगों के बीच झगड़े के बाद गोलीबारी की घटना हुई। मीडिया की खबरों में कहा गया है कि घटना के कारण नव वर्ष से पहले खरीदारी के लिए जुटे लोगों में अफरातफरी मच गई। बाद में मॉल को खोल दिया गया।

सम्राट नारुहितो ने नववर्ष '2022' की शुभकामनाएं दी

अखिलेश पांडेय     टोक्यो। जापान के सम्राट नारुहितो ने शनिवार को लोगों को नव वर्ष 2022 की शुभकामनाएं दीं और कोरोना वायरस वैश्विक महामारी में जान गंवाने वाले लोगों के लिए प्रार्थना की। यह लगातार दूसरा वर्ष है, जब महामारी के कारण नव वर्ष के उपलब्ध पर सम्राट के भवन में कोई सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया है और उन्होंने छह मिनट के एक वीडियो के जरिए लोगों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। बोनसाई पेड़ के सामने अपनी पत्नी मासाको के सामने बैठे नारुहितो ने चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की प्रशंसा की और उन्हें धन्यवाद दिया।

उन्होंने उन देशों के प्रति चिंता व्यक्त की, जिनकी टीकों तक पहुंच नहीं है और जहां उचित अस्पताल प्रणालियों का अभाव है। जापान में कोविड-19 के कारण 18,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन हालिया महीनों में मृत्यु दर में कमी आई है। नारुहितो ने तेजी से फैल रहे ओमीक्रोन संक्रमण को लेकर भी चिंता व्यक्त की। नारुहितो ने अपने संदेश में पूर्वोत्तर जापान में परमाणु आपदा, भूकंप और सुनामी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के कारण देरी से आयोजित हुए तोक्यो ओलंपिक खेल ”साहस और उम्मीद” का प्रतीक हैं।

फ्लोरिडा: शेरिफ अधिकारी ने बाघ को गोली मारीं

सुनील श्रीवास्तव      वाशिंगटन डीसी। एक जनवरी को फ्लोरिडा के एक चिड़ियाघर में बाघ के एक व्यक्ति की बांह अपने जबड़ों से पकड़ लेने और दर्द से कराहते व्यक्ति द्वारा मदद की गुहार लगाए जाने पर एक शेरिफ अधिकारी ने मलायन प्रजाति के बाघ को गोली मार दी। अधिकारियों की ओर से वीडियो जारी किए जाने के बाद यह जानकारी सामने आई।

कोलियर काउंटी के शेरिफ कार्यालय ने कहा कि पीड़ित व्यक्ति बुधवार की शाम उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया जब वह कैरिबियन गार्डन्स स्थित नेपल्स जू में बाघ के बाड़े के पास अनधिकृत क्षेत्र में प्रवेश कर गया। इसने कहा कि व्यक्ति को बचाने के लिए चलाई गई गोली से आठ वर्ष के बाघ ‘एको’ की मौत हो गई। शेरिफ कार्यालय और चिड़ियाघर ने कहा कि संबंधित व्यक्ति साफ-सफाई का काम करता है जिसे घटना के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया  अखिलेश पांडेय  वारसॉ। अक्सर लोग अपने प्यार का इजहार किसी खास जगह पर करने का सोचते हैं। ताकि वो पल ज...