शनिवार, 25 दिसंबर 2021

396 विधायकों में से 45 के चुनाव लड़ने पर संशय

396 विधायकों में से 45 के चुनाव लड़ने पर संशय

संदीप मिश्र      लखनऊ। एसोसिएट डेमोक्रेटिक रिफॉर्म अर्थात एडीआर की रिपोर्ट ने उत्तर प्रदेश के मौजूदा 396 विधायकों में से 45 एमएलए के चुनाव लड़ने पर संशय उत्पन्न कर दिया है। सभी 45 विधायकों के ऊपर एमपी एमएलए कोर्ट में आरोप तय हो गए हैं। सभी एमएलए पर आरपी अधिनियम 1951 की धारा के अंतर्गत सूचीबद्ध किए गए अपराधों में यह आरोप तय हुए हैं। इन सभी मामलों में न्यूनतम 6 महीने की सजा होने पर अब यह 45 विधायक चुनाव नहीं लड़ सकेंगे।

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एसोसिएट डेमोक्रेटिक रिफॉर्म की ओर से पहली बार जारी की गई रिपोर्ट इस लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है कि सजा काटने और रिहाई के 6 साल बाद तक विधायक चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। हालांकि चुनाव लड़ने की पात्रता तय करने का अधिकार केंद्रीय चुनाव आयोग को दिया गया है। एडीआर के मुख्य समन्वयक डॉ संजय सिंह की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि इन 45 विधायकों में सबसे अधिक भारतीय जनता पार्टी के 32, समाजवादी पार्टी के 5, बहुजन समाज पार्टी और अपना दल के तीन-तीन तथा कांग्रेस एवं अन्य दल का एक-एक विधायक शामिल है। इन विधायकों के विरुद्ध आपराधिक मामले लंबित रहने की औसत संख्या 13 वर्ष है। 32 विधायकों के खिलाफ 10 या उससे अधिक समय से कुल 63 आपराधिक मामले लंबित हैं। इस सूची में टॉप पर मड़िहान विधानसभा से भाजपा विधायक रमाशंकर सिंह, दूसरे स्थान पर बहुजन समाज पार्टी के मऊ विधायक मुख्तार अंसारी तथा तीसरे स्थान पर धामपुर से भाजपा के विधायक अशोक कुमार राणा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का नाम भी इस सूची में शामिल है।

24 घंटों के अंदर ब्लास्ट केस सुलझाया: पंजाब 

अमित शर्मा      चंडीगढ़। लुधियाना कोर्ट ब्लास्ट पर चंडीगढ़ में पंजाब के डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने  कि हमने इस मामले को 24 घंटों के अंदर सुलझा दिया है। इस ब्लास्ट केस के आरोपी का कोर्ट में ट्रायल चल रहा था। चट्टोपाध्याय ने कहा कि राज्य में आतंक-माफिया और ड्रग्स एक चुनौती बन चुके हैं।

वह बोले लुधियाना ब्लास्ट बहुत श​क्तिशाली ब्लास्ट था। मृतक के हाथ पर हमें टैटू मिला है। जांच में पुख्ता हो गया कि मृतक विस्फोटक ला रहा था। पूर्व पुलिसकर्मी गगनदीप सिंह विस्फोट को अंजाम दे रहा था। उन्हें 2019 में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था और ड्रग-तस्करी के मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद दो साल जेल में बिताए गए थे।


पीएम ने क्रिसमस त्योहार की शुभकामनाएं दीं

अकांशु उपाध्याय      नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को क्रिसमस पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस अवसर पर सभी प्रभु ईसा मसीह के जीवन और उनकी आदर्श शिक्षाओं को याद करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ”क्रिसमस पर सभी को शुभकामनाएं। 

हम जीसस क्राइस्ट के जीवन और आदर्श शिक्षाओं को याद करते हैं, जिनमें सेवा, दयालुता और विनम्रता पर सर्वाधिक जोर है। मैं सभी के स्वस्थ व समृद्ध जीवन की कामना करता हूं। पूरे विश्व में सद्भाव बना रहे, यह प्रार्थना करता हूं।” दुनियाभर में क्रिसमस का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है।

30 आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया

हैदराबाद। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण करते हुए तेलंगाना सरकार ने सीवी आनंद को शहर पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है, जबकि निवर्तमान पुलिस आयुक्त अंजनी कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) का महानिदेशक बनाया गया है।

मुख्य सचिव सोमेश कुमार द्वारा शुक्रवार रात जारी सरकारी आदेश के अनुसार, कुछ जिलों के पुलिस अधीक्षकों समेत 30 आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। 1991 बैच के अधिकारी आनंद केंद्र में सेवाएं देने के बाद अपनी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे। आनंद इससे पहले साइबराबाद के पुलिस आयुक्त के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, हैदराबाद (अपराध) शिखा गोयल को एसीबी की निदेशक नियुक्त किया गया है।

नए साल की पार्टियों पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश

कविता गर्ग      मुबंई। एक तरफ जहां कोरोना वायरस का नये अवतार ओमिक्रान के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है तो वहीं दूसरी ओर सभी राज्य सरकारों ने नियम लागू कर दिए है। ऐसी ही मुंबई में महानगर पालिका आयुक्त बीएमसी कमिनश्नर ने भी नए साल की पार्टियों पर प्रतिबंध लगाने के दिशा निर्देश जारी कर दिए है।

बीएमसी कमिनश्रर का कहना है कि कोई भी पार्टी या सम्मेलनों में लोगों की भीड़ इकठ्ठा नहीं होगी। अगर कोेई भी बंद या खुली जगहों पर 250 से अधिक लोग मिलते है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी से कमिश्रर ने कोरोना गाइडलाइन औऱ मास्क लगाने की अपील भी की।


24 घंटे में 66 लाख से अधिक टीके लगाए: कोरोना
अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। देश में कोविड टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है और पिछले 24 घंटे में 66 लाख से अधिक कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही कुल टीकाकरण 141 करोड़ से अधिक हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि पिछले 24 घंटों में देश में 66 लाख नौ हजार 113 कोविड टीके लगाये गये हैं।
इसके साथ ही आज सुबह सात बजे तक 141 करोड़ एक लाख 26 हजार 404 कोविड टीके दिये जा चुके हैं। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड के नये संस्करण ओमिक्रॉन के 17 राज्यों में कुल 415 मामले सामने आयें है जिनमें 115 संक्रमण से मुक्त हो गये हैं। महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के सर्वाधिक 108 मामले सामने आयें हैं। दिल्ली में 79 और गुजरात में 43 व्यक्ति ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले हैं।
पिछले 24 घंटे में कोविड संक्रमण के 7189 नए मामले सामने आए हैं। देश में अभी 77 हजार 32 कोविड रोगियों का इलाज चल रहा है।
यह संक्रमित मामलों का 0.22 प्रतिशत है। इसी अवधि में 7286 लोग कोविड से मुक्त हुए हैं। अभी तक कुल तीन करोड़ 42 लाख 23 हजार 263 लोग कोविड से उबर चुके हैं। स्वस्थ होने की दर 98.40 प्रतिशत है। देश में पिछले 24 घंटे में 11 लाख 12 हजार 195 कोविड परीक्षण किए गये हैं। देश में कुल 67 करोड़ 10 लाख 51 हजार 627 कोविड परीक्षण किए हैं।

वाजपेयी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की: सीएम

पंकज कपूर          देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न, स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयन्ती के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी विश्व के महानतम राजनेताओं में से थे, उनके लिए राष्ट्रहित ही सर्वोपरि था। वे अपनी दूरगामी सोच के लिए भी जाने जाते थे। उत्तराखंड राज्य के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में उन्हें याद किया गया। भाजपा महानगर कार्यालय में वाजपेयी का जन्मदिवस मनाया गया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने कहा कि वे प्रधानमंत्री होने के साथ-साथ पत्रकार, कवि, जनसंघ के संस्थापक रहे।

'राजनीति' में कूदेंगे किसान संगठन, ऐलान किया

अमित शर्मा         चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के लिए फरवरी 2022 में होने वाले चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल तो इसके लिए सक्रिय हैं ही, अब किसान संगठन भी सक्रिय हो गए हैं। राज्य के 22 किसान संगठनों ने संयुक्त समाज मोर्चा बनाकर राजनीति में कूदने का ऐलान कर दिया है। इसके एलान किसान नेता हरमीत सिंह कादियां ने किया। मोर्चे का चेहरा किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल होंगे। भाकियू डकौंदा, भाकियू लखोवाल आदि ने कहा कि वह अपने संविधान में संशोधन करके अपने फैसले से अवगत करवाएंगे।

किसान नेता बलदेव सिंह नियालका ने कहा कि लोगों को अब हमसे बहुत आशा है। चिट्टे का मसला हो या अन्य। पंजाब इससे जूझ रहा है। जिस तरह लोगों ने हमारा तीन कृषि कानूनों के आंदोलन में साथ दिया है, अब इन समस्याओं को सुलझाने में भी लोग हमारा साथ देंगे। हर वर्ग हमारा सहयोग करेगा। ऐसा हमें विश्वास है। राजेवाल ने कहा कि लोगों का बहुत दबाव है। नया समाज सृजित करेंगे। सिस्टम गंदा हो गया है। उसे बदलने की जरूरत है।
बता दें, दिल्ली बार्डर पर आंदोलन के दौरान ही कई किसान संगठन चुनाव मैदान में उतरने की बात कह चुके थे। इसको लेकर किसान संगठनों के बीच आपसी खींचतान भी दिखी। कई संगठनों का कहना था कि यह उचित नहीं है। इस बीच किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी पहले ही पार्टी की घोषणा कर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। हालांकि चढ़ूनी की कहना है कि वह खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे।
गत सप्ताह पार्टी गठन के बाद चढ़ूनी ने कहा था कि वह पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति दूषित हो चुकी है। अब इसमें बदलाव की जरूरत है। वह अब सक्रिय राजनीति करेंगे। गुरनाम सिंह चढ़ूनी भारतीय किसान यूनियन के हरियाणा प्रमुख हैं। चढ़ूनी ने कहा कि उनकी पार्टी किसानों, गरीबों व आम आदमी की लड़ाई लड़ेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...