मंगलवार, 28 दिसंबर 2021

मंत्री परिषद का विस्तार करेंगे, जजपा शामिल

मंत्री परिषद का विस्तार करेंगे, जजपा शामिल 

राणा ओबरॉय          चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मंगलवार को अपने मंत्रिपरिषद का विस्तार करेंगे। जिसमें उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जजपा) का एक-एक विधायक शामिल होगा। दो साल में होने वाले दूसरे विस्तार में हिसार से भाजपा के विधायक डॉक्टर कमल गुप्ता और टोहाना से जजपा के विधायक देवेंद्र सिंह बबली को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जाएगा। खट्टर ने मंत्रिपरिषद विस्तार से पहले यहां संवाददाताओं से कहा, “दो विधायकों को शामिल किया जाएगा। एक कमल गुप्ता हैं और दूसरे देवेंद्र बबली।” खट्टर ने मंत्रिपरिषद में विस्तार को लेकर कई महीनों से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा, “हां, अब सस्पेंस खत्म हो गया है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के 27 अक्टूबर, 2019 को शपथ लेने के कुछ दिन बाद नवंबर 2019 में 10 विधायकों को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया था। मंगलवार शाम मंत्रिपरिषद विस्तार होने के बाद, भाजपा के मुख्यमंत्री सहित 10 मंत्री होंगे, और जजपा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित तीन मंत्री होंगे, जबकि रंजीत सिंह चौटाला मंत्री के रूप में शामिल एकमात्र निर्दलीय विधायक हैं। अक्टूबर 2019 के चुनाव में भाजपा को 90 विधानसभा सीट में से 40 सीट मिली थीं, लेकिन बहुमत नहीं मिला था। बाद में, उसने जजपा के साथ चुनाव बाद गठबंधन किया, जिसके 10 विधायक हैं।

ब्रायन की जांच रिपोर्ट में 'संक्रमण' की पुष्टि हुईं

मिनाक्षी लोढी        कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ ब्रायन ने मंगलवार को कहा कि उनकी जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है और अभी वह घर पर पृथक-वास में हैं। ब्रायन राज्यसभा सदस्य हैं। उन्होंने पिछले तीन दिन में अपने संपर्क में आए लोगों से अनुरोध किया है कि लक्षण दिखने पर वह चिकित्सकीय परामर्श लें। 

ब्रायन ने ट्वीट किया, ”कोविड से संक्रमित हूं और हल्के लक्षण हैं। घर पर पृथक-वास में हूं। पिछले तीन दिन में अगर आप मेरे संपर्क में आए हैं और आपको लक्षण हैं तो कृपया चिकित्सकीय परामर्श लें।

15 और प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की: चुनाव

अमित शर्मा         चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) ने अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 15 और प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की। राज्य के मुख्य विपक्षी दल की ओर से जारी की गयी यह पांचवीं सूची है और इसके साथ ही ‘आप’ द्वारा घोषित उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 88 हो गई है। पंजाब में 117 विधानसभा सीट हैं जिनके लिए अगले साल चुनाव होना है। आप के उम्मीदवारों की ताजा सूची के अनुसार, मोहाली से कुलवंत सिंह चुनाव लड़ेंगे। कुलवंत सिंह रियल एस्टेट व्यवसायी हैं और मोहाली के पूर्व महापौर रह चुके हैं। वह सोमवार को आप में शामिल हुए थे।

पार्टी ने कहा कि गुरदीप सिंह रंधावा डेरा बाबा नानक से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा राजा सांसी से बलदेव सिंह, कपूरथला से मंजू राणा, शाहकोट से रतन सिंह, जालंधर वेस्ट से शीतल अंगुराल, आदमपुर से जीत लाल भट्टी और बांगा से कुलजीत सिंह ‘आप’ की ओर से अपनी किस्मत आजमाएंगे। चमकौर साहिब से चरणजीत सिंह, बस्सी पठाना से रुपिंदर सिंह, लुधियाना दक्षिण से राजिंदर कौर, फिरोजपुर सिटी से रणवीर सिंह, बठिंडा शहरी से जगरूप सिंह, अमरगढ़ से जसवंत सिंह और नाभा से गुरदेव सिंह चुनाव लड़ेंगे।

तानाशाही: इतिहास को झुठला रहीं हैं सरकार

अकांशु उपाध्याय      नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सरकार पर हमला करते हुए कहा है कि वह तानाशाही तरीके से चलकर इतिहास को झुठला रही है और लोगों को डरा धमका कर गंगा जमुनी तहजीब को नष्ट किया जा रहा है। गांधी ने मंगलवार को यहां कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं से कहा कि आज देश की मजबूत बुनियाद को कमजोर करने का प्रयास हो रहा है और इतिहास को झुठला कर हमारी विरासत गंगा-जमुना संस्कृति को मिटाने की नापाक कोशिश हो रही है।

उन्होंने कहा कि आज देश का आम नागरिक असुरक्षित और भय महसूस कर रहा है क्योंकि लोकतंत्र और संविधान को दरकिनार कर सिर्फ तानाशाही चल रही है। इस स्थिति में कांग्रेस चुप नहीं रहेगी और विरासत को नष्ट करने की इजाजत किसी को नहीं देगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आम जनमानस और लोकतंत्र की रक्षा के लिए देश विरोधी और समाज विरोधी साजिशों के खिलाफ कांग्रेस संघर्ष करेगी और हर कुर्बानी देगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा “हम कांग्रेस हैं- वो पार्टी जिसने हमारे देश में लोकतंत्र की स्थापना की और हमें इस धरोहर पर गर्व है। कांग्रेस स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ।”


झंडा लगाने के लिए स्तंभ पर चढ़ीं कांग्रेस, प्रतिक्रिया

अकांशु उपाध्याय      नई दिल्ली। कांग्रेस के 137वें स्थापना दिवस पर मंगलवार सुबह यहां अखिल भारतीय कांग्रेस समिति मुख्यालय में पार्टी का झंडा तब स्तंभ से गिर गया। जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इसे फहराने की कोशिश कर रही थीं। इसके बाद त्वरित प्रतिक्रिया के तहत गांधी ने पार्टी कोषाध्यक्ष पवन बंसल और महासचिव के सी वेणुगोपाल के साथ झंडा अपने हाथों में ले लिया और इसे कुछ देर के लिए हाथों में थामकर रखा। 

बाद में, कांग्रेस का एक कार्यकर्ता झंडा लगाने के लिए स्तंभ पर चढ़ा। पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य लोग उपस्थित थे।

भ्रष्टाचार काे संरक्षण, मीडिया पर ट्रोल हुए सांसद

मनोज सिंह ठाकुर       रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद जनार्दन मिश्रा एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर भ्रष्टाचार काे संरक्षण देने के मामले में सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए हैं। जनार्दन मिश्रा का रीवा जिले में मीडिया से संबंधित एक कार्यशाला के आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे सरपंच द्वारा 15 लाख रुपयों तक के भ्रष्टाचार को एक तरह से जायज बता रहे हैं।

वे कहते हुए सुने जा रहे हैं कि यदि सरपंच 15 लाख रुपए तक का भ्रष्टाचार करता है तो इस पर बात मत करिए। यदि इससे अधिक का भ्रष्टाचार करता है तो बात करिए। जनार्दन मिश्रा ने इसका कारण बताते हुए कहा कि वो 07 लाख रुपए चुनाव में खर्च करके आया है। इसके बाद 07 लाख रुपए ही अगले चुनाव के लिए चाहिए और महंगायी और बढ़ गयी तो 01 लाख रुपए और जुड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि 15 लाख रुपए से अधिक का भ्रष्टाचार या गड़बड़ हो, तो यह समझ में आता है। इस पर बात करिए। जनार्दन मिश्रा यह भी कहते हुए सुने जा रहे हैं कि यह परिस्थिति है। लगभग 40 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ ही इस संबंध में रोचक टिप्पणियां भी देखने को मिल रही हैं।

एक पत्रकार ने टिप्पणी करते हुए लिखा है कि सांसद को लगे हाथ यह भी बता देना चाहिए कि बाकी ‘माननीयों’ का कहां तक का भ्रष्टाचार नहीं मानते हैं वे। इस तरह की अनेक रोचक टिप्पणियां इस वीडियो के साथ देखने में आ रही हैं।

मुंबई: 300 अंक से अधिक बढ़ा सेंसेक्स, कारोबार

कविता गर्ग      मुंबई। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 300 अंक से अधिक बढ़ा। इस दौरान 30 शेयरों वाला सूचकांक 320.31 अंक या 0.56 फीसदी की तेजी के साथ 57,740.55 पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी 94.70 अंक या 0.55 फीसदी बढ़कर 17,180.95 पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की तेजी एशियन पेंट्स में हुई। इसके अलावा टेक महिंद्रा, एलएंडटी, इंफोसिस, एचसीएल टेक और पावरग्रिड भी बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर सिर्फ डॉ रेड्डीज लाल निशान में था।

पिछले सत्र में सेंसेक्स 295.93 अंक या 0.52 प्रतिशत बढ़कर 57,420.24 पर और निफ्टी 82.50 अंक या 0.49 प्रतिशत बढ़कर 17,086.25 पर बंद हुआ था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को सकल आधार पर 1,038.25 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.12 प्रतिशत बढ़कर 78.31 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।

'बीसीसीआई' के पूर्व कप्तान की रिपोर्ट पॉजिटिव

मिनाक्षी लोढी        कोलकाता। बीसीसीआई अध्यक्ष और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीसीसीआई सूत्र ने इस बात की जानकारी दी है। सौरव गांगुली का कोरोना का टेस्ट सोमवार को हुआ था। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गांगुली पहली बार कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं।

गांगुली को कोरोना टीके के दोनों डोज लग चुके हैं और वह लगातार यात्रा कर रहे थे। उन्हें सोमवार की रात एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका आरटी पीसीआर टेस्ट पॉजिटिव आया था। बोर्ड के एक सूत्र ने कहा ,” उन्हें वुडलैंड्स नर्सिंग होम ले जाया गया। उन्हें दवा दी गई है और उनकी हालत स्थिर है ।” गांगुली को इस साल की शुरूआत में दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ह्र्दय से जुड़ी परेशानियों के बाद उनकी आपात एंजियोप्लास्टी कराई गई थी। उनके बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली भी इस साल कोरोना संक्रमण का शिकार हुए थे ।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप  दुष्यंत टीकम  जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के एक गांव में कुएं में नवजात शिशु का शव मिला है। इससे...