शुक्रवार, 31 दिसंबर 2021

'नए साल' का स्वागत, बेहद उत्सुक हैं सभी लोग

'नए साल' का स्वागत, बेहद उत्सुक हैं सभी लोग

अकांशु उपाध्याय      नई दिल्ली। नए साल के आगाज के साथ एक नई शुरुआत भी होती है। नया साल आने में कुछ समय ही रह गया है। ऐसे में सभी लोग नए साल का स्वागत करने के लिए बेहद उत्सुक हैं। जैसे कि हर सुबह उगता हुआ सूरज एक नए दिन की शुरुआत करता है वैसे ही हमें भी अपने बीते साल की बुरी यादों को छोड़कर नए साल की खुशियों के साथ शुरुआत करनी चाहिए। 

नए साल की खुशी में सभी लोग अपने प्रियजनों को नए साल की बधाई देते हैं। ऐसे में हम भी आज आपके लिए नए साल के कुछ प्यार भरे संदेश लेकर आए हैं। जिन्हें आप अपने प्रियजनों को भेजकर अपने रिश्तों को और मजबूत कर सकते हैं।

चुनावी बांड की 19वीं किस्त जारी करने की मंजूरी

अकांशु उपाध्याय       नई दिल्ली। सरकार ने बृहस्पतिवार को चुनावी बांड की 19वीं किस्त जारी करने को मंजूरी दे दी। यह एक जनवरी से 10 जनवरी तक खुलेगी। यह मंजूरी पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले दी गयी है। राजनीतिक चंदे में पारदर्शिता लाने के प्रयासों के तहत राजनीतिक दलों को दिए जाने वाले नकद चंदे के विकल्प के रूप में चुनावी बांड की व्यवस्था की गयी है। हालांकि, विपक्षी दल ऐसे बांडों के माध्यम से चंदे में कथित पारदर्शिता की कमी को लेकर चिंता जताते रहे हैं। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को जनवरी से 10 जनवरी 2022 के बीच उसकी 29 अधिकृत शाखाओं के जरिये चुनावी बांड जारी करने और उसे भुनाने के लिये अधिकृत किया गया है।”

एसबीआई की ये 29 विशिष्ट शाखाएं लखनऊ, शिमला, देहरादून, कोलकाता, गुवाहाटी, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, पटना, नई दिल्ली, चंडीगढ़, श्रीनगर, गांधीनगर, भोपाल, रायपुर और मुंबई जैसे शहरों में हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और गोवा में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पहले चरण के चुनावी बांड की बिक्री एक से 10 मार्च, 2018 के दौरान हुई थी। बांड की 18वीं किस्त की बिक्री 1-10 सितंबर 2021 को हुई थी।

दिल्ली: 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया

अकांशु उपाध्याय       नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह शीत लहर का प्रकोप जारी रहा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर में बृहस्पतिवार को भी शीतलहर का प्रकोप रहने के साथ ही तापमान गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, जो बुधवार को 8.4 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने और हल्का कोहरा छाने का पूर्वानुमान भी है। दिल्ली के पालम और लोधी रोड मौसम केन्द्रों में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: सात डिग्री सेल्सियस और चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मैदानी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहने पर शीत लहर की घोषणा करता है। न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तथा सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहने पर भी शीत लहर की घोषणा की जाती है। दिल्ली में इससे पहले 20 और 21 दिसंबर को शीत लहर का प्रकोप था जब न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह इस मौसम का सबसे कम तापमान था।आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम भारत में तीन जनवरी तक शीत लहर से भीषण शीत लहर चलने का अनुमान व्यक्त किया है। न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस तक जाने या तापमान के सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किए जाने पर ”भीषण” शीत लहर की घोषणा की जाती है।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के वायु गुणवत्ता निगरानी केन्द्र ‘सफर’ के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 308 रहा, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भारत: 'ओमिक्रोन' के संक्रमितों की संख्या-1,270 

अकांशु उपाध्याय         नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के 309 नए मामले सामने आने से देश में ऐसे मामलों की कुल संख्या 1,270 हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार सुबह जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, अभी तक 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश से ओमीक्रोन के 1,270 मामले आए हैं और 374 लोग स्वस्थ हो गए या देश छोड़कर चले गए हैं।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक 450 मामले आए। इसके बाद दिल्ली में 320, केरल में 109 और गुजरात में 97 मामले सामने आए। आंकड़ों के मुताबिक, कोविड-19 के दैनिक मामले करीब 64 दिनों बाद 16,000 का आंकड़ा पार कर गए हैं जिससे भारत में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 3,48,38,804 हो गयी है जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 91,361 हो गयी है।


केवाईसी संबंधी दिशा-निर्देशों में ढील को बढ़ावा
अकांशु उपाध्याय     नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बैंकों के पुराने ग्राहकों की जानकारी समय समय पर अद्यतन करने के बारे में केवाईसी संबंधी दिशा-निर्देशों में ढील को 31 मार्च 2022 तक के लिए बढ़ा दिया है। यह निर्णय कोविड के नए रूप के चलते बढ़ी अनिश्चितता के दौर में ग्राहकों और बैंककर्मियों को परेशानी से बचाने के लिए किया गया है। आरबीआई ने बैंकों को उनके वर्तमान ग्राहकों के केवाईसी को समय-समय पर अद्यतन कराने के बारे में 25 फरवरी 2016 को को वृहद दिशानिर्देश जारी किया था। इसमें केवाईसी का नियमित समयांतराल पर नवीनीकरण न होने पर ग्राहक के खाते के परिचालन पर पाबंदी लगाने का प्रावधान है।

केंद्रीय बैंक ने कोरोना की दूसरी लहर के बीच पांच मई 2021 को इस नियम में 31 दिसंबर 2021 तक ढील दे दी थी। आरबीआई की ओर से बैंकों के लिए गुरुवार को जारी एक सर्कुलर में कहा गया है, ‘कोविड-।9 के नए स्वरूप से व्याप्त वर्तमान अनिश्चितता को देखते हुए (पांच मई के सर्कुलर) के अंतर्गत प्रदस्त शिथिलता को एतद्वारा 31 मार्च 2022 तक बढ़ाया जाता है। ‘


फैराडियन को 10 करोड़ पाउंड में खरीदने की घोषणा
अकांशु उपाध्याय       नई दिल्ली। उद्योगपति मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने ब्रिटेन की बैटरी निर्माता कंपनी फैराडियन लिमिटेड को 10 करोड़ पाउंड में खरीदने की शुक्रवार को घोषणा की। रिलायंस इंडस्ट्रीज कई अरब डॉलर की अपनी स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं के लिए ‘ऐंड टू ऐंड’ प्रौद्योगिकी की निरंतर खरीद कर रही है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि रिलायंस न्यू एनर्जी सोलर लिमिटेड (आरएनईएसएल) ने फैराडियन लिमिटेड में 100 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए 10 करोड़ पाउंड का समझौता किया है। कंपनी विकास पूंजी के रूप में इसमें अतिरिक्त 2.5 करोड़ पाउंड का निवेश करेगी।
ब्रिटेन में शेफील्ड और ऑक्सफोर्ड से संचालित तथा सोडियम आयन बैटरी प्रौद्योगिकी का पेटेंट रखने वाली फैराडियन दुनिया की अग्रणी बैटरी प्रौद्योगिकी कंपनियों में शामिल है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने आरएनईएसएल के माध्यम से 10 अक्टूबर से अनेक अधिग्रहण और रणनीतिक निवेश किए हैं जिनका उद्देश्य उसके हरित ऊर्जा कारोबार को आकार देना है।
बयान में कहा गया कि फैराडियन की सोडियम आयन प्रौद्योगिकी अन्य वैकल्पिक बैटरी तकनीकों, विशेष रूप से लिथियम आयन और लैड एसिड प्रौद्योगिकियों की तुलना में अधिक लाभकारी है। इन लाभों में कोबाल्ट, लिथियम, कॉपर या ग्रेफाइट पर निर्भरता नहीं होना शामिल है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...