शनिवार, 13 नवंबर 2021

खेल: कप्तानी की भूमिका छोड़ देनी चाहिए

खेल: कप्तानी की भूमिका छोड़ देनी चाहिए
मोहम्मद रियाज        
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को लगता है कि भारतीय कप्तान विराट कोहली को बल्लेबाज के तौर पर और अधिक बेहतर प्रदर्शन करने के लिये खेल के सभी प्रारूपों में कप्तानी की भूमिका छोड़ देनी चाहिए। ‘समा टीवी चैनल’ पर बात करते हुए अफरीदी ने कहा कि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) का रोहित शर्मा को भारतीय टी20 टीम का कप्तान नियुक्त करने का फैसला अच्छा है।
कोहली ने भारत के टी20 विश्व कप में अभियान समाप्त होने पर टी20 कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था, जिसके बाद बीसीसीआई ने यह फैसला किया। अफरीदी ने कहा, ”मुझे लगता है कि वह भारतीय क्रिकेट के लिये अद्भुत ताकत रहा है लेकिन मुझे लगता है कि यह अच्छा होगा, अगर वह अब सभी प्रारूपों में बतौर कप्तान संन्यास लेने का फैसला कर लें। 
उन्होंने कहा, ”मैं एक साल के लिये रोहित के साथ खेला था और वह मजबूत मानसिकता वाला लाजवाब खिलाड़ी है। उसकी सबसे मजबूत चीज है कि जब जरूरी हो तो वह ‘रिलैक्स’ रह सकता है और जब बहुत जरूरी हो तो वह आक्रामकता भी दिखा सकता है। ” इस पाकिस्तानी स्टार ने कहा कि रोहित में अच्छे कप्तान के लिये मानसिक मजबूती है और उन्होंने अपनी आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के लिये यह दिखा भी दिया है।
उन्होंने कहा, ”वह शीर्ष स्तर का खिलाड़ी है, उनका शॉट चयन शानदार है और खिलाड़ियों के लिये अच्छे नेतृत्वकर्ता के लिये उनके पास मानसिकता भी है। ” अफरीदी आईपीएल के शुरू होने वाले वर्ष में डेक्कन चार्जर्स में रोहित के साथ खेले थे। कोहली के टी20 कप्तानी छोड़ने के फैसले पर अफरीदी ने कहा कि वह इसकी उम्मीद कर रहे थे। अफरीदी को लगता है कि कोहली को कप्तानी छोड़कर सभी तीनों प्रारूपों में अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान लगाना चाहिए और इसका लुत्फ उठाना चाहिए।
अफरीदी ने कहा, ”मुझे लगता है कि विराट को कप्तानी छोड़कर अपना बचे हुए क्रिकेट का लुत्फ उठाना चाहिए और मुझे लगता है कि उनका अभी काफी क्रिकेट बचा है। वह शीर्ष स्तर के बल्लेबाज हैं और वह दिमाग में किसी अन्य दबाव के बिना ‘फ्री’ होकर खेल सकते हैं। वह अपने क्रिकेट का आनंद लेंगे।
तैंतीस वर्षीय कोहली ने हाल में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की कप्तानी से भी हटने का फैसला किया था। वहीं मुख्य कोच के तौर पर कार्यकाल खत्म कर चुके रवि शास्त्री ने हाल में एक साक्षात्कार में संकेत दिया था कि कोहली वनडे की कप्तानी भी छोड़ सकते हैं और सिर्फ टेस्ट टीम की अगुआई पर ही ध्यान लगायेंगे जो उनका पसंदीदा प्रारूप है। कोहली ने 2019 के अंत से कोई टेस्ट शतक नहीं लगाया है।

पृथ्वी पर रहस्यमय जगहें, जानिए राज
पृथ्वी पर ऐसी कई रहस्यमय जगहें हैं, जिनके राज से अब तक पर्दा नहीं उठ पाया है। इसी कड़ी में आज हम पृथ्वी के उन रहस्यमय स्थानों के बारे में जानेंगे, जो अपने भीतर कई राजों को समेट रखे हैं। हमारी सुंदर पृथ्वी पर ऐसे कई खूबसूरत स्थान हैं, जहां पर बड़ी मात्रा में लोग लुत्फ उठाने के लिए जाते हैं। वहीं दूसरी तरफ कई ऐसी रहस्यमय जगहें भी हैं, जहां पर लोग भूल कर भी जाने की हिम्मत नहीं करते हैं। ये स्थान इतने डरावने और खतरनाक हैं कि यहां पर पल भर में किसी भी व्यक्ति की जान जा सकती है। आइए जानते हैैं इन रहस्यमय स्थानों के बारे में।
डानाकिल डिप्रेशन।
इस स्थान को पृथ्वी के नरक का द्वार कहा जाता है। ये जगह कई रहस्यों को अपने भीतर समेट रखी है। डानाकिल डिप्रेशन पृथ्वी के सबसे गर्म स्थानों में से एक है। ये उत्तरी इथियोपिया नामक देश में स्थित है। इस जगह पर ज्वालामुखी की कई सघन क्रियाएं होती हैं। ये जगह इतनी गर्म है कि इसके नजदीक जाना काफी खतरनाक साबित हो सकता है।
डरावनी गुड़ियों का आइलैंड।
ये रहस्यमय जगह मैक्सिको से दक्षिण, जोचिमिको कनाल के बीच ‘ला इस्ला डे ला म्यूनेकस’ पर स्थित है। यहां आपको कई डरावनी गुड़ियां पेड़ों पर लटकी हुई दिखेंगी। स्थानीय लोगों का कहना है की दर्जनों की तादाद में यहां की गुड़ियां एक दूसरे से कानाफूसी करती हैं। वे आंखें घुमाती हैं और एक दूसरे से इशारों में बात करती हैं। ये जगह काफी खतरनाक है। अक्सर यहां पर घूमने के लिए लोगों को टूर गाइड ले जाने की सलाह दी जाती है। उन्हें अकेले इस जगह पर घूमने नहीं दिया जाता है।
बरमूडा ट्रायंगल पिछले 100 सालों से रहस्य का विषय बना हुआ है। कई शोध और रिसर्च के बाद भी वैज्ञानिक इसके राज से पर्दा नहीं उठा पाए हैं। पिछले लंबे समय से न जाने कितने विमान, एयरक्राफ्ट और जहाज इसके भीतर रहस्यमय ढंग से गायब हुए हैं। ये जगह उत्तर अटलांटिक महासागर में स्थित ब्रिटेन का प्रवासी क्षेत्र है। यह संयुक्त राज्य अमेरिका के पूर्वी तट पर मियामी (फ्लोरिडा) से महज 1770 किलोमीटर और हैलिफैक्स, नोवा स्कोटिया, (कनाडा) के दक्षिण में 1350 किलोमीटर (840 मील) की दूरी पर स्थित है। 
इजिप्ट में स्थित गीजा के पिरामिड आज भी एक रहस्य का विषय बने हुए हैं। इनकी अद्भुत कलाकृति और इतने विशाल ढांचे के कारण वैज्ञानिक आज भी इस बात को जान नहीं पाए हैं कि आज से लगभग हजारों साल पहले इसे लोगों ने कैसे बनाया था? गीजा के पिरामिड के भीतर कई ऐसे राज दफन हैं, जिनके बारे में वैज्ञानिकों को आज भी कुछ नहीं पता है।
लद्दाख में स्थित मैग्नेटिक हिल काफी रहस्यमय जगह है। यहां पर ग्रेविटी के सभी नियम विपरीत दिशा में काम करने लगते हैं। यहां अगर आप अपनी गाड़ी को सिर्फ खड़ा कर देते हैं, तो वह खुद बा खुद ऊंचाई की तरफ चढ़ाई करने लगेगी। वैज्ञानिकों का कहना है ऐसा पहाड़ों की स्ट्रोंग मैग्नेटिक फील्ड के कारण होता है। वहीं कई दूसरे विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा ऑप्टिकल इल्यूजन के कारण होता है। असल में रोड नीचे की तरफ जा रहा है पर भ्रम में वो हमें ऊपर जाते हुए दिखता है। हालांकि इसके राज से पूरी तरह से पर्दा अब तक नहीं उठ सका है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

नवरात्रि का नौवां दिन मां 'सिद्धिदात्री' को समर्पित

नवरात्रि का नौवां दिन मां 'सिद्धिदात्री' को समर्पित  सरस्वती उपाध्याय  मां दुर्गाजी की नौवीं शक्ति का नाम सिद्धिदात्री हैं। ये सभी प...