सोमवार, 18 अक्तूबर 2021

अमेरिका: विवेक का लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान

वैज्ञानिक विवेक को पुरस्कार से सम्मानित किया

वाशिंगटन डीसी। भारतीय-अमेरिकी वैज्ञानिक डॉ. विवेक लाल को दुबई में ‘रिटोसा फैमिली समिट्स’ में लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सर एंथनी रिटोसा ने पुरस्कार समारोह में कहा कि आप ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ के हकदार हैं और मैं आपको उन सभी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं देता हूं, जो हमारी इस दुनिया को एक बेहतर स्थान बना रही हैं। अपने बेमिसाल काम के जरिए इसे जारी रखिए। कार्यक्रम के संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. लाल को भारत-अमेरिका रक्षा व्यापार को बढ़ाने और दोनों देशों के बीच कुछ अहम समझौतों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। उन्हें ‘उत्कृष्ट दृष्टिकोण, समर्पण और सफलता’ के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
डॉ. लाल को यह पुरस्कार संयुक्त अरब अमीरात के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जायौदी की उपस्थिति में दिया गया। इस कार्यक्रम में विश्व के कई प्रभावशाली नेता शामिल हुए। इनके अलावा कारोबारी समूह के मालिक, शेख, शाही परिवार के लोग, निजी निवेश कम्पनियों के पेशेवर आदि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
श्रीलंका के पहले टेस्ट कप्तान का निधन हुआ

कोलंबो। श्रीलंका के पहले टेस्ट कप्तान बांदुला वर्णपुरा का सोमवार को निधन हो गया। वह 68 बरस के थे। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार शरीर में शर्करा का स्तर काफी अधिक बढ़ने के चलते रक्त संचार में समस्या के कारण इसी महीने उनका दायां पैर काटना पड़ा था। ठोस तकनीक वाले सलामी बल्लेबाज वर्णपुरा मध्यम तेज गति की गेंदबाजी करने में भी सक्षम थे।
फरवरी 1982 में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में श्रीलंका की अगुआई करने के अलावा वह देश की ओर से टेस्ट क्रिकेट में पहली गेंद का सामना करने वाले और पहला रन बनाने वाले बल्लेबाज भी थे। इसी मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी (दूसरी पारी में) दोनों में श्रीलंका के लिए आगाज करने का कारनामा भी उन्होंने किया। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने उनके निधन पर शोक जताया है। एसएलसी प्रमुख शम्मी सिल्वा ने बयान में कहा कि मुझे बांदुला वर्णपुरा के निधन का बेहद दुख है जो श्रीलंका के पहले टेस्ट कप्तान थे। उन्होंने कहा कि वह शानदार क्रिकेटर, प्रशासक, कोच, कमेंटेटर और इन सबसे ऊपर अच्छे इंसान थे और उनका निधन क्रिकेट जगत का भारी नुकसान है।
वर्णपुरा ने 1975 से 1982 तक चार टेस्ट और 12 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में देश का प्रतिनिधित्व किया। वर्णपुरा ने हालांकि विद्रोही टीम के साथ 1982-83 में रंगभेद दौर में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करने का फैसला किया था जिसके बाद श्रीलंका क्रिकेट ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाया था। उन्होंने बाद में राष्ट्रीय टीम के कोच और श्रीलंका क्रिकेट में प्रशासक की भूमिका निभाई।
मुठभेड़ के बाद बदमाश मार गिराया, 3 घायल

नई दिल्ली/ ढाका। उत्तर प्रदेश में लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद 50 हजार रूपये के इनामी बदमाश को मार गिराया।जबकि बदमाशों की गोली से तीन सिपाही घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के एक गिरोह के राजधानी में आने की सूचना पर पुलिस ने गोमतीनगर क्षेत्र में सहारा पुल के पास घेराबंदी की थी। रेलवे लाइन के पास संदिग्ध लोगों को देखकर पुलिस ने उन्हे ललकारा जिस पर बदमाशों ने गोलीबारी करते हुये भागने का प्रयास किया। बदमाशों के हमले में तीन सिपाही घायल हो गये।
 की जिससे गिरोह का सरगना हमजा घायल हो गया जबकि अन्य लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाते हुये भाग निकले। घायल को अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हमजा पर 50 हजार रूपये का इनाम था। उसके कब्जे से हथियार और गोली बारूद बरामद किये गये हैं। घायल पुलिसकर्मियों की हालत खतरे से बाहर बतायी गयी है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस फरार लुटेरों की तलाश कर रही है। उन्होने बताया कि पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाले बांग्लादेशी लुटेरों के गिरोह के सदस्य लखनऊ में रेलवे लाइन के आसपास बने रिहायशी मकानो को अपना निशाना बनाते हैं।
बिल गेट्स की बड़ी बेटी ने चुपचाप रचाई शादी  
 न्यूयॉर्क। माइक्रोसॉफ्ट की उत्तराधिकारी और अरबपति बिल गेट्स की सबसे बड़ी बेटी जेनिफर गेट्स ने एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी रचा ली है। जेनिफर ने मिस्र के 30 वर्षीय मुस्लिम शख्स और घुड़सवार नयेल नासर से शादी की है। जेनिफर और नासर की शादी की खुशी में शनिवार दोपहर को एक रिसेप्शन पार्टी का आयोजन भी किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेनिफर और नासर शुक्रवार को शादी के बंधन में बंधे जिसे उन्होंने बहुत सीक्रेट रखा था। ये विवाह समारोह न्यूयॉर्क की नॉर्थ सलेम स्थित 142 एकड़ की संपत्ति के गार्डन में रखा गया था। जिसमें करीब 300 लोग शामिल हुए थे। नासर 2017 से जेनिफर को डेट कर रहे थे। दोनों ने स्टैनफॉर्ड यूनिवर्सिटी से एकसाथ ग्रेजुएशन किया था। साल 2020 में दोनों ने एक ट्रिप के दौरान अपनी सगाई की घोषणा की थी। शनिवार को हुए इस रिसेप्शन के बाद बिल गेट्स ने अपनी बेटी जेनिफर के साथ एल्टन जॉन के गाने 'कैन यू फील द लव टूनाइट' पर डांस किया। शादी में जेनिफर ने एक कस्टम वेरा वैंग गाउन पहना था। जेनिफर को नौ ब्राइडमेड्स ने मिलकर तैयार किया था। तस्वीरें खिंचवाते वक्त एक ब्राइडमेड ने जेनिफर के गाउन की लॉन्ग वील पकड़ी हुई थी।
बिल गेट्स और मेलिंडा ने अपनी 25 साल की बेटी जेनिफर को एकसाथ सेरेमनी प्वॉइंट तक पहुंचाया था। शाम को करीब चार बजे रिसेप्शन प्रोग्राम शुरू हुआ। इस दौरान बिल गेट्स ने एक डार्क सूट पहना था और मेलिंडा एक पर्पल गाउन में नजर आईं। शाम 5 बजे दोनों ने शादी की घोषणा की और पार्टी में आए मेहमानों से बधाई मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। रिसेप्शन के बाद दोनों का गार्डन की खूबसूरत जगहों पर फोटोशूट हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिसेप्शन में सिर्फ करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों को ही आमंत्रित किया गया था। इसमे कुछ सेलिब्रिटीज और राजनेता भी शामिल थे। अरबपति माइकल ब्लूमबर्ग की बेटी जॉर्जिना ब्लूमबर्ग भी इस रिसेप्शन में नजर आईं। वहीं, शुक्रवार रात का फंक्शन बहुत सीक्रेट रखा गया था जहां डिनर में मशहूर फ्रेंच शेफ जीन गॉर्जिस के हाथ से बने लॉब्स्टर डिश और पास्ता जैसी चीजें परोसी गई थीं।
इस दो दिन के ईवेंट की जिम्मेदारी मशहूर वेडिंग प्लानर मार्सी ब्लम को दी गई थी जिसका अनुमानित खर्च करीब दो मिलियन यूएस डॉलर यानी करीब 15 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। बता दें कि बिल और मेलिंडा इसी साल अगस्त में एक दूसरे से अलग हुए थे। रिसेप्शन में दोनों ने रिस्पेशन में आए मेहमानों से मुलाकात की।
फंक्शन में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। यहां डार्क सूट पहने एक सुरक्षाकर्मी जर्मन शेफर्ड के साथ वेन्यू की बारीकी से निगरानी कर रहा था। हालांकि यूनिवफॉर्म पहने पुलिसकर्मी यहां मौजूद नहीं थे। रिसेप्शन में खाने की चीजों का मेन्यू शेयर नहीं किया गया, लेकिन यहां एगप्लांट से तैयार फूड, चिकन कंपाना और स्केलॉप्स जैसी चीजें खाने में थी।
महिला ने एक साथ 7 बच्चों को जन्म दिया  
इस्माबाद। पाकिस्तान में एक महिला ने एक साथ सात बच्चों को जन्म दिया है। डॉक्टरों ने बताया कि अल्ट्रासाउंड और अन्य रिपोर्टों से पता चला था कि महिला  के गर्भ में पांच बच्चे हैं। जिसे देखकर वे हैरान रह गए। लेकिन जब डिलीवरी कराई गई तो महिला ने सात बच्चों को जन्म दिया। फिलहाल, सभी नवजात शिशुओं और उनकी मां की हालत स्थिर है।
दरअसल, ये पूरा मामला ख़ैबर पख़्तूनख़्वा 
के एबटाबाद का है। जहां यार मोहम्मद नाम के शख्स की पत्नी को लेबर पेन होने के बाद अस्पताल ले जाया गया। जिन्ना इंटरनेशनल अस्पताल में यार मोहम्मद की पत्नी ने एक साथ 7 बच्चों को जन्म दिया। जिनमें चार बेटे और तीन बेटियां हैं। बीबीसी के मुताबिक, यार मोहम्मद का कहना है कि इन बच्चों का पालन पोषण करने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं आएगी, क्योंकि वे एक संयुक्त परिवार में रहते हैं और परिवार के सभी लोग उनकी मदद करेंगे। इन 7 बच्चों से पहले यार मोहम्मद की दो बेटियां भी हैं, यानी कि कुल मिलाकर उसकी फैमिली में 9 बच्चे हो गए हैं।
डॉक्टर के अनुसार, 8 महीने की प्रेग्नेंट महिला उनके पास पहली बार शनिवार को आई थी। उस वक्त जांच में पता चला था कि उसके गर्भ में पांच बच्चे हैं। महिला का ब्लड प्रेशर बेहद बढ़ा हुआ था, पेट भी बहुत अधिक फूल चुका था। ऑपरेशन का ऑप्शन खतरनाक था क्योंकि इससे पहले भी महिला के दो बच्चे ऑपरेशन से हो चुके थे। इससे उसके पुराने टांके और गर्भाशय के फटने का ख़तरा था।
लेकिन बाद में कई डॉक्टरों की टीम ने एक घंटे से अधिक लंबे चले ऑपेरशन में सफल डिलीवरी कराई। डॉक्टर ने कहा कि आम तौर पर ऐसा बहुत कम होता है कि एक साथ जन्मे सभी बच्चे जीवित और स्वस्थ हों। लेकिन हमारी टीम ने ये कर दिखाया। बताया गया कि मां को आईसीयू में शिफ़्ट किया गया है। हालांकि, सातों बच्चों और मां की हालत स्थिर है।




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया  इकबाल अंसारी  चेन्नई। देश में इन दिनों आईपीएल की धूम मची हुई है। गत चैम्पियन चेन्नई सुपर...