शनिवार, 23 अक्तूबर 2021

आह्वानः 28 को गोवा का दौरा करेंगी ममता

आह्वानः 28 को गोवा का दौरा करेंगी ममता
हरिओम उपाध्याय  
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 28 अक्टूबर को गोवा का दौरा करेंगी।
सुश्री बनर्जी ने ट्वीट कर कहा, “28 अक्टूबर के अपने पहले गोवा दौरे की तैयारी करते हुए, मैं सभी व्यक्तियों, संगठनों और राजनीतिक दलों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उनके विभाजनकारी एजेंडे को हराने के लिए एकजुट होने का आह्वान करती हूं। गोवा के लोगों ने पिछले 10 वर्षों में बहुत कुछ झेला है।
उन्होंने कहा, “एक साथ, हम नयी सरकार बनाकर गोवा के लिए एक नयी सुबह की शुरुआत करेंगे जो वास्तव में गोवा के लोगों की सरकार होगी और उनकी आकांक्षाओं को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध होगी।”
अगले वर्ष होने वाले राज्य विधानसभा के चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस की राज्य की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना है। तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुइज़िन्हो फलेरियो कांग्रेस के कई नेताओं को पार्टी में शामिल करने सफल रहे हैं।
शहीद अधिकारी परवेज के परिजन से मुलाकात की
हरिओम उपाध्याय  
श्रीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर पुलिस के शहीद अधिकारी परवेज अहमद के परिजन से शनिवार को मुलाकात की। शहर के नौगाम इलाके में इस साल जून में आतंकवादियों ने अहमद की हत्या कर दी थी। जम्मू कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर आए शाह हवाई अड्डे से सीधा नौगाम गए।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, “गृह मंत्री जम्मू कश्मीर पुलिस के निरीक्षक परवेज के घर गए जिनकी आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी।” अधिकारियों ने कहा कि शाह ने शहीद पुलिसकर्मी के परिजन को सांत्वना दी। शहीद पुलिस अधिकारी की विधवा फातिमा अख्तर को शाह ने अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी के दस्तावेज सौंपे। शाह ने ट्वीट किया, “आज मैं शहीद परवेज अहमद डार के परिजन से मिला और उन्हें सांत्वना दी। मुझे और राष्ट्र को उनकी बहादुरी पर गर्व है।
प्रधानमंत्री मोदी के नए जम्मू कश्मीर के सपने को सच करने के लिए हम सारे प्रयास कर रहे हैं।” अहमद 22 जून को नमाज पढ़कर लौट रहे थे, तभी नौगाम में उनके घर के पास आतंकवादियों ने उन्हें गोली मार दी थी। गृह मंत्री के साथ उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह और पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह मौजूद थे। पांच अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान निरस्त किये जाने के बाद शाह की यह पहली कश्मीर यात्रा है।
किसान, मंहगाई व सीमा पर सरकार को घेरा
अकांशु उपाध्याय        
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों की समस्याएं, महंगाई और सीमा से जुड़े मुद्दों को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार नाकाम थी, नाकाम है। उन्होंने ट्वीट किया, ”किसान परेशान है, महंगाई पहुंची आसमान है, सीमाओं पर घमासान है, भारत तो तब भी महान है, पर केंद्र सरकार नाकाम थी, नाकाम है।”
उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर में खाद के लिए कतार में खड़े हुए किसान की मौत से जुड़ी खबर को लेकर प्रदेश की भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने ट्वीट किया, ”धान खरीदारी में कुव्यवस्था के चलते लखीमपुर के एक किसान को मंडी में पड़े धान में आग लगानी पड़ी। खाद वितरण में कुव्यवस्था के चलते ललितपुर के एक किसान की लाइन में खड़े-खड़े मृत्यु हो गई। उप्र की भाजपा सरकार किसानों को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
आतंकवाद निपटारा, उठाए गये कदमों की समीक्षा
हरिओम उपाध्याय  
श्रीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर घाटी में आम नागरिकों खासकर गैर-स्थानीय श्रमिकों और अल्पसंख्यकों पर बढ़े हमलों के मद्देनजर शनिवार को घाटी में सुरक्षा हालात और आतंकवाद से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि शाह ने यहां राजभवन में हुई बैठक में सुरक्षा हालात का जायजा लिया। इस बैठक में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा प्रशासन के शीर्ष अधिकारी और सेना, सीआरपीएफ, पुलिस तथा अन्य एजेंसियों के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भी शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि गृह मंत्री को जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद का सफाया करने के लिए उठाए गए कदमों और बलों द्वारा घुसपैठ रोकने के लिए किए गए उपायों के बारे में जानकारी दी गई। घाटी में इस अक्टूबर माह में 11 आम नागरिकों की हत्या कर दी गई। इसी पृष्ठभूमि में शाह कश्मीर दौरे पर पहुंचे हैं। मारे गए लोगों में से पांच बिहार के श्रमिक थे जबकि दो शिक्षकों समेत तीन लोग कश्मीर में अल्पसंख्यक समुदायों से थे।
पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 को अधिकतर प्रावधान निरस्त किए जाने और जम्मू कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद शाह की यह पहली कश्मीर यात्रा है। शाह के घाटी दौरे से पहले पूरे कश्मीर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि घाटी में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
विशेष रूप से यहां शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हाल में आम नागरिकों की हत्याओं के मद्देनजर अतिरिक्त अर्द्धसैनिक बलों की 50 कंपनियों को घाटी में तैनात किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर के कई इलाकों के साथ कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों में केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (सीआरपीएफ) के बंकर बनाए गए हैं।
बागी नेताओं की नहीं मिली जानकारीः भाजपा
नवीन सिंह   
देहरादून। राजनेता आजकल क्या कहते हैं, उसके अर्थ नहीं निहितार्थ निकालने पड़ते हैं। राज्य में कांग्रेस के बागी नेताओं के भाजपा से कांग्रेस में घर वापसी की चर्चाओं, गत दिनों पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के छह बागी नेताओं के उनके संपर्क में होने के दावे और डॉ. हरक सिंह रावत द्वारा हरीश रावत की माफी मांगने की शर्त के बाद माफी मांगने के हालातों पर प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने साफ तौर पर कहा कि कोई भी भाजपा नेता कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के लिए उनके संपर्क में नहीं है, और उन्हें किसी भी बागी नेता के कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी भी नहीं है। अलबत्ता उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में कोई किसी के भी संपर्क में हो सकते हैं, पर उनके संपर्क में कोई नहीं है।
उल्लेखनीय है कि गत दिवस यशपाल आर्य व संजीव आर्य की भाजपा से कांग्रेस में वापसी के दौरान प्रीतम सिंह सबसे आगे रहे थे, बल्कि यह भी चर्चा थी कि उन्हीं के प्रयासों से यशपाल आर्य ने पुत्र सहित कांग्रेस में घर वापसी की है। इसके बाद प्रीतम कबीना मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के घर पर भाजपा नेता उमेश शर्मा काऊ व कांग्रेस नेता ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की मौजूदगी में मिलने और साथ दिल्ली जाने के लिए भी चर्चा में आए थे। 
लेकिन अब उनका किसी के कांग्रेस में शामिल होने से इंकार करने को 6 भाजपा विधायकों के संपर्क में होने की बात कहने वाले हरीश रावत गुट के गोविंद सिंह कुंजवाल को जवाब माना जा रहा है।आज पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने 2013 की आपदा में बेहतर तरीके से निपटने के लिए कांग्रेस हाईकमान का नाम लिया पर वह हरीश रावत का नाम लेने से बचते दिखे। उनके साथ मौजूद कांग्रेस के चार में से एक कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत ने भी पूरी वार्ता में एक बार भी हरीश रावत का नाम नहीं लिया। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में सभी दलों के दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं। संसदीय लोकतंत्र में सभी दलों के इन खुले दरवाजों से लोग आते भी और जाते भी रहते हैं। बहरहाल, किसी को कांग्रेस में शामिल करने पर राष्ट्रीय नेतृत्व निर्णय लेगा, और जो भी निर्णय लिया जाएगा वह सभी को मान्य होगा।
'आप' का मौन प्रदर्शन, सरकार की खोली पोल  
पंकज कपूर  
अल्मोड़ा। आशीष मिश्रा उर्फ मोनू, जिसे नौ अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था, फिलहाल पुलिस हिरासत में है। इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में भाजपा वार्ड सदस्य सुमित जायसवाल, अंकित दास, लतीफ उर्फ काले, शेखर भारती, शिशु पाल, सत्य प्रकाश त्रिपाठी उर्फ सत्यम, नंदन सिंह बिष्ट, आशीष पांडे और लवकुश राणा शामिल हैं। आशीष पांडे और लवकुश राणा को छोड़कर अन्य सात आरोपियों को भी पूछताछ के लिए पुलिस ने अदालत की अनुमति के बाद अपनी हिरासत में लिया है। इनकी पुलिस हिरासत की अवधि रविवार शाम को समाप्त होगी।
टिक्कू ने कहा कि आपदा शहर से लेकर पहाड़ तक लोग आपदा से पीडि़त है। सरकार के मंत्री हवाई दौरे कर रहे है। अभी तक कई जिलों लोगों को राहत का पैकेज नहीं मिला है। आज आपदा पीडि़त लोग अपने को ठगा हुआ महसूस कर रहे है। सरकार पीडि़तों का दर्द बांटने तक नहीं पहुंची है। आपदा पीडि़त क्षेत्र बिजली-पानी जैसे मूलभूल सुविधाओं के लिए तरस रहे है। सरकार हवा-हवाई बातें में दावे कर रही है।

उन्होंने कहा कि गौला पुल के टूटने से हजारों की संख्या में गौलापार समेत कई गांवों का आम रास्ता बंद हो चुका है। आखिर क्यों हर बार पुल बह रहे है। देवभूमि को भाजपा-कांग्रेस ने जमकर लूटा है इसका जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हेें देगी। जिस तरह से आपदा पीडि़त आज दर-दर भटक रहे है। इसका खामियाजा भाजपा सरकार को विधानसभा चुनाव 2022 में भुगतना पड़ेगा। इस दौरान प्रदर्शन में रामशरन वर्मा, कालाढूंगी विधानसभा से पवन पाण्डे, संतोष कबड़वाल, भुवन चन्द्र आर्य, देवेन्द्र लाल, सागर पाण्डे, दीपक पाण्डे, सुरेश जोशी, प्रकाश पाण्डे, सीएस पांडे ,संजय कश्यप व अब्दुल कादिर समेत कई लोग मौजूद रहे।

राज व कुंडा ठाकरे वायरस से संक्रमित मिले

मीनाक्षी चटर्जी   

मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे और उनकी मां कुंडा ठाकरे जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

मुंंबई महानगरपालिका के अधिकारी ने बताया कि दोनों को हल्के लक्षण हैं और उन्हें दादर स्थित उनके घर में पृथक-वास में रहने को कहा गया है। ठाकरे के एक वरिष्ठ सहयोगी ने उनके संक्रमित होने की पुष्टि की है।ठाकरे (53) ने हाल में नासिक, पुणे और ठाणे का दौरा किया था तथा अगले साल होने वाले निकाय चुनाव से पहले मुंबई में पार्टी नेताओं से मुलाकात की थी।

जनता में बढ़ रहा आक्रोश भाजपा मना रही जश्न  

बृजेश केसरवानी   

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, बेरोजगारी के रिकार्ड टूट रहे हैं। जनता में भारी आक्रोश है फिर भी भाजपा जश्न मनाने का रिकार्ड बना रही है। ऐसे में अब जनता का एक ही संकल्प है कि जले पर नमक छिड़क रही भाजपा को फिर सत्ता में नहीं आने देना है। प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री आत्ममुग्ध हैं कि 21 अक्तूबर 2021 को भारत ने 100 करोड़ वैक्सीन टीककरण से नया इतिहास रच दिया है। झूठ को सच बनाने के खेल में माहिर भाजपाई यह क्यों नहीं बताते कि अभी मात्र एक चैथाई आबादी को ही दूसरी डोज की वैक्सीन लगी है।

आधे-अधूरे कामों पर भी इतराने वाली भाजपा सरकार ने कोरोना में जिंदगी खोए हुए परिवारों की फिक्र नहीं की। डेंगू के फैलाव और उसमें हुई मौतों की भी याद नहीं की। ललितपुर में खाद न मिलने से लाइन में दो दिन से लगे किसान की मौत हो गई। दीपावली और भाई दूज जैसे त्योहारों की खुशी पर भी उसने पानी डाल दिया है। महंगाई और भ्रष्टाचार ने सबकी कमर तोड़ रखी है। सच पूछो तो अब जश्न मनाने का उत्साह ही नहीं रह गया है।आखिर त्योहार कौन मनाएं? किसान आंदोलित है। नौजवानों की जिंदगी में अंधेरा छाया है। महिलाएं अपमानित हो रही है। व्यापारी नोटबंदी और जीएसटी के शिकार हैं। डीजल-पेट्रोल-रसोई गैस के बढ़ते भावों से लोग त्रस्त हैं। भाजपा जब तक रहेगी जनता परेशान रहेगी। समाज का हर वर्ग दुःखी रहेगा। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ही खुशहाली और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इस विश्वास के साथ सन् 2022 में मतदाता भाजपा को प्रदेश में दुबारा मौका नहीं देने वाले हैं।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप  दुष्यंत टीकम  जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के एक गांव में कुएं में नवजात शिशु का शव मिला है। इससे...