मंगलवार, 2 मार्च 2021

भाजपा सांसद नंदकुमार का कोरोना से निधन हुआ

खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का मंगलवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। नंदकुमार चौहान 68 वर्ष के थे। उन्होंने आज तड़के अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले लगभग एक माह से अस्पताल में भर्ती थे। उसके पहले वे कोरोना के चलते भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। भोपाल में स्वास्थ्य में लाभ नहीं होने के चलते उन्हें एयरएंबूलेंस से दिल्ली शिफ्ट किया गया था। उनके परिवार में पत्नी दुर्गेशश्री और पुत्र हर्षवर्धन सिंह और दो पुत्रियां हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार मंगलवार को तड़के वेंटीलेटर से हटाने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी पार्थिव देह आज अपरान्ह विशेष विमान से खंडवा लाए जाने की संभावना है। उनका गृह गांव शाहपुर है। खंडवा संसदीय क्षेत्र के अधीन आता है। नंदकुमार चौहान वर्ष 2014 से 2018 तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रहे। वे प्रदेश भाजपा में अनेक पदों पर भी रहे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उनको श्रद्धांजलि अर्पित की है। चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा कि लोकप्रिय जननेता ‘नंदू भैया’ हम सबको छोड़कर चले गए। हमारे सब प्रयास विफल हुए। नंदू भैया के रूप में भाजपा ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खाे दिया। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन हम सब के लिए बड़ी क्षति है। नरोत्तम मिश्रा ने अपने ट्वीट के जरिए कहा कि नंदू भैया आप बहुत याद आएंगे, आपका देवलोक गमन हम सबके लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि वह उनके निधन की दुखद सूचना से स्तब्ध और आहत हैं। सरलता, सहजता और साफगोई के लिए पहचाने जाने वाले नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने ट्वीट के जरिए शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि खंडवा के सांसद नंदकुमार चौहान के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अचानक आज सुबह इस दुखद समाचार से वे बेहद दुखी है। उन्होंने उनके मध्यप्रदेश की भाजपा इकाई के अध्यक्षीय कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि कुशल संघटक, किसान नेता, मजदूर नेता के तौर पर उनका नेतृत्व करिश्मायी था। उन्होंने कहा यही वजह थी कि वह मजबूत जनाधार वाले नेता माने जाते रहें हैं। उन्होंने कहा चौहान का निधन अपूरणीय क्षति है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण यादव ने नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अरुण यादव ने ट्वीट कर कहा कि खण्डवा से सांसद नंदकुमार सिंह चौहान (नंदू भैया) का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप  दुष्यंत टीकम  जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के एक गांव में कुएं में नवजात शिशु का शव मिला है। इससे...