सोमवार, 8 मार्च 2021

महिला दिवस पर पीएम समेत नेताओं ने दी बधाई

अकांशु उपाध्याय   

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को बधाई दी और कहा कि भारत को उनकी तमाम उपलब्धियों पर गर्व है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं अदम्य नारी शक्ति को सलाम करता हूं। देश की महिलाओं की तमाम उपलब्धियों पर भारत को गर्व होता है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में काम करना हमारी सरकार के लिए सम्मान की बात है।’’ प्रधानमंत्री मोदी अक्सर अपने संबोधनों में जिक्र करते हैं कि उनकी सरकार की विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के केंद्र में महिलाएं हैं। इस संदर्भ में वह रसोई गैस की आपूर्ति, जन धन योजना के तहत बैंक खाते खोलना, हर घर शौचालय बनाये जाने की योजनाओं का उल्लेख करते हैं। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए एक संदेश में कहा कि हमें नारियों के खिलाफ किसी भी तरह की भेदभाव का उन्मूलन करने का संकल्प लेना चाहिए, जिससे उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सके और वे अपनी क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल कर सकें। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सलाम करते हुए कहा कि उनके योगदान ने कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की जंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘नो ‘हीरो’ विदआउट ‘हर’ (नारी बिना के बिना कोई नायक नहीं हो सकता)।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘कोविड-19 संकट के इस समय में नारी शक्ति की निस्वार्थ और मजबूत भूमिका सामने आयी। इस महिला दिवस पर हम कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की लड़ाई में योगदान देने वाली 60 लाख से अधिक महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सलाम करते हैं।’’ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन देश और प्रदेश की प्रगति में महिलाओं के योगदान को दर्शाता है। हमारी महिला शक्ति ने अपनी प्रतिभा से सिद्ध कर दिया है कि वे हर प्रकार की चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकती हैं। वे अब हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य सहित उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...