बुधवार, 18 नवंबर 2020

जर्मनी युवती की तलाश में रात भर भागी पुलिस

जर्मनी से भारत आई युवती की तलाश में रातभर दौड़ी पुलिस जानिए साध्वी वेश में मिली युवती ने क्या मांगी मदद


आनंद भट्टाचार्य


आगरा। जर्मनी की एक युवती बरहन के आंवलखेड़ा क्षेत्र में है। वह किसी मुसीबत में है। सोमवार देर रात एसएसपी आवास पर मिली इस सूचना ने पुलिस के होश उड़ा दिए। सूचना सदर के जंगजीत नगर क्षेत्र निवासी एक युवक ने दी थी। पुलिस रातभर विदेशी युवती की तलाश में जुटी रही। मंगलवार की सुबह युवती पुलिस को मिली। वह साध्वी के वेश में थी। पुलिस से बोली कि अब उसका नाम योगिनी उदयनाथ पार्वती है। वह खुश है। उसकी वीजा की अवधि बढ़वा दी जाए।


सोमवार की रात जंगजीत नगर निवासी विनय शर्मा ने एसएसपी कार्यालय पर सूचना दी कि जर्मनी की युवती उनकी व्हाट्स एप फ्रेंड है। उसने बताया कि उसकी सहेली आंवलखेड़ा में है। वह किसी मुसीबत में है।


सूचना देने वाले ने विदेशी युवती का मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया। एसओ बरहन कुलदीप दीक्षित रातभर विदेशी युवती की तलाश में जुटे रहे। मोबाइल नहीं उठा। मंगलवार की सुबह पुलिस ने उसे खोज निकाला। वह विक्रांत एकेडमी की छत पर बने कमरे में मौजूद थी। पुलिस पहुंची तो साध्वीके वेश में मिली। उसने पुलिस को बताया कि उसका नाम मिजारम क्रेटज है। अब उसने अपना नाम योगिनी उदयनाथ पार्वती रख लिया है। वह अकेली नहीं है। जींद, हरियाणा के राजगढ़ ढोबी निवासी बाल योगी कर्णनाथ उसके साथ हैं। वह सात-आठ दिन पहले ही आगरा आए हैं। विदेशी युवती ने पुलिस को अपना वीजा और पासपोर्ट भी दिखाया। उसका वीजा 21 अक्टूबर 2019 से 19 अक्टूबर 2020 तक था।


युवती ने पुलिस को बताया कि वह बाबा कर्ण नाथ से एक वर्ष पहले नेपाल के काठमांडू में मिली थी। वहां बाबा ओमनाथ का स्थान है। बाबा कर्णनाथ से दीक्षा लेने के बाद उन्हीं के साथ रहने लगी। काठमांडू से दोनों बनारस आ गए। वहां से कुछ दिन के लिए हरियाणा आ गए। वापस बनारस लौट गए। लॉकडाउन लग गया। वे बनारस में ही रुक गए। कुछ दिन पहले ही आगरा आए। गांधी नगर में हंसना भैरव मंदिर में तीन दिन रुके। उसकी तबियत खराब हो गई। ड्रिप लगी। दवा खाई। पांच दिन पहले बाबा के साथ उनके शिष्य आंवलखेड़ा निवासी अभय शर्मा के यहां आ गए। उन्होंने उन्हें आंवलखेड़ा स्थित विक्रांत एकेडमी में रुकवा दिया। अब वह काठमांडू जाना चाहती है। एसओ बरहन कुलदीप दीक्षित ने बताया कि विदेशी युवती अपने स्वेच्छा से बाबा के साथ रह रही है। साध्वी बन गई है। उसकी वीजा अवधि बढ़वाने के लिए अधिकारियों को बताया गया है। पुलिस ने युवती से हुई बातचीत को थाने की जनरल डायरी में भी दर्ज किया है।                                      


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

यूपी: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश

यूपी: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश  संदीप मिश्र  लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके ...