प्रियंका बोलीं- राम सब में हैं, राम सब के हैं, कमलनाथ ने भी भगवा पहनकर ट्विटर प्रोफाइल बदली, प्रियंका ने 21 लाइनों में 23 बार राम का नाम लिया
अयोध्या। राम मंदिर के भूमि पूजन में 24 घंटे से भी कम वक्त बचा है। हर कोई राम धुन में रम गया है। उस कांग्रेस को भी राम याद आ रहे हैं, जो कम से कम खुले मंच पर इस राम नाम परहेज करती थी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को ट्वीट किया है। 21 लाइनों में 270 शब्द लिखे हैं प्रियंका ने और इसमें 23 बार राम नाम लिया है। चौंकाने वाली बात ये कि अंग्रेजी में ही साइन करने वाली प्रियंका के इस ट्वीट में इस बार दस्तखत शुद्ध हिंदी में हैं। प्रियंका ने ट्वीट में लिखा राम सब में हैं, राम सबके हैं। राम कबीर के हैं, तुलसी दास के हैं और रैदास के हैं। गांधी के रघुपति राघव राजा राम सबको सम्मति देने वाले हैं। प्रियंका के इस ट्वीट में सबकुछ राम में ही रंगा है। अकेली प्रियंका नहीं हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने ट्विटर पर प्रोफाइल फोटो बदल दी है। त्रिपुंड तिलक लगा रखा है और भगवा पटका ओढ़े हैं। एक और फोटो भगवामय है। कमलनाथ ने सुंदर कांड का पाठ किया और कहा- हम राम मंदिर निर्माण का स्वागत करते है। राजीवजी ने 1985 में इसकी शुरुआत की। 1989 में शिलान्यास किया। राजीव जी के कारण ही राम मंदिर का सपना आज साकार हो रहा है।उन्होंने कहा- आज राजीव जी होते तो यह सब देखते। भारत की संस्कृति सभी को जोड़ने वाली है। यह हमारी पहचान है। हम जब भी कुछ करते है, भाजपा के पेट में दर्द क्यों शुरू हो जाता है। क्या धर्म पर उनका पेटेंट है, उनका ठेका है, उन्होंने धर्म की एजेंसी ली हुई है? कमलनाथ ने ऐलान किया है कि वो 11 चांदी की ईंटें अयोध्या भेजेंगे। उन्होंने कहा कि कल वो ऐतिहासिक दिन है, जिसका पूरा देश इंतजार कर रहा था। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मैं राम मंदिर निर्माण के कार्यक्रम के 24 घंटे पहले कोई राजनीतिक बयान देना नहीं चाहता। लेकिन यह कहना चाहता हूं कि राजनीति का धर्म होना चाहिए, धर्म की राजनीति नहीं। यही राम की मर्यादा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Thank you, for a message universal express.