शनिवार, 30 मई 2020

झारखंड में तेजी से बढ़ रहा है वायरस

रांची/धनबाद/जमशेदपुर। झारखंड राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।  मरीजों के संख्या डबल होने का औसत 11,1 दिन हो गया है। अगर यही रफ्तार और ट्रेंड रहा तो अगले 15 दिन में मरीजों की संख्या 1650 के आसपास होगी। शुक्रवार रात एक दिन में सर्वाधिक 46 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। 20 मई को जहां 42 संक्रमित मिले थे, वहीं आठ दिन बाद 29 मई को 46 संक्रमित मिले। इनमें सबसे अधिक पूर्वी सिंहभूम के 15, उसके बाद हजारीबाग के 10 और रामगढ़ के 9 मरीज शामिल हैं। कोडरमा में 7, धनबाद में 3 और बोकारो में 2 पॉजिटिव मिले हैं। नए संक्रमितों के मिलने के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 477 से बढ़कर 523 पहुंच गई है। सभी मरीजों की कॉन्टैक्ट हिस्ट्री से पता चला है कि सभी प्रवासी हैं और हाल में ही विभिन्न राज्यों से पहुंचे हैं। संक्रमितों को उनके जिले में स्थित कोविड-19 अस्पताल में भर्ती किया गया है।


स्वास्थ्य सचिव बोले-15 दिन में हो सकते हैं 1650 मरीज
प्रवासी मजदूरों की घर वापसी और कोरोना के बढ़ते मामलों पर स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी कहा है कि झारखंड में महामारी फैलने की यही रफ्तार रही तो अगले 15 दिनों में यहां मरीजों की संख्या बढ़कर 1650 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में कोरोना का ग्रोथ रेट 6.2 है। राज्य में अभी तक 57,876 टेस्ट किए गए हैं, जो प्रति मिलियन 1526 है। हालांकि टेस्ट की संख्या राष्ट्रीय औसत से करीब 900 पीछे है। झारखंड में सैपल पॉजिटिविटी रेट 0.82 फीसदी है। कुछ जिलों गढ़वा (5.8), बोकारो (5.0), कोडरमा (2.95) और रांची (1.55) शामिल है।


 तस्वीर जमशेदपुर के बारी नगर इलाके की। शुक्रवार को यहां कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने इलाके को सील कर दिया। साथ ही कोरोना वॉरियर्स के अलावा किसी के भी आने जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।


रिकवरी रेट राष्ट्रीय औसत से बेहतर
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि राज्य के कई जिलों में डबलिंग रेट में सुधार हुआ है। कई जिलों में अभी डबलिंग रेट 4-5 दिनों का है। इनमें धनबाद, बोकारो, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल है। राज्य में 212 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 259 एक्टिव केस हैं। राज्य में रिकवरी रेट 44.5 का है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।


शुक्रवार को मिले 46 संक्रमितों में 45 प्रवासी, 4 नाबालिग
46 नए संक्रमितों में एक कैंसर मरीज को छोड़ सभी प्रवासी हैं। रामगढ़ में मिले संक्रमितों में चार रामगढ़ प्रखंड, चार भरकुंडा और एक चितरपुर के हैं। सभी मुंबई, गुजरात, तमिलनाडु, बेंगलुरु से लौटे हैं। वहीं धनबाद में मिले तीन संक्रमितों में 12 साल का बच्चा और महिला भी हैं। बच्चा एग्यारकुंड का रहने वाला है, जो पुरुलिया से लौटा है। जबकि महिला गोविंदपुर की है, जो हरियाणा के गुरुग्राम से लौटी है। तीसरा मरीज बाघमारा का है और चेन्नई से लौटा है। पूर्वी सिंहभूम में मिले 15 संक्रमितों में सीतारामडेरा, मानगो, टेल्को व बागबेड़ा का एक-एक मजदूर है। इनमें से दो मुंबई से और एक-एक दिल्ली, चेन्नई व गुरुग्राम से लौटे हैं। कोडरमा में मिले 7 मरीजों में तीन नाबालिग हैं। बोकारो में मिला एक मरीज कैंसर पीड़ित है, जो गोमिया का है। दूसरा सिवनडीह का 65 साल का प्रवासी है, जो कोलकाता से लौटा है।


हिंदपीढ़ी के कंटेनमेंट जोन में 7150 घर हैं, 25 मई तक 38,643 स्क्रीनिंग
सरकार ने राज्य में आए प्रवासी श्रमिकों व हिंदपीढ़ी के लोगों की कोरोना जांच की रिपोर्ट शुक्रवार को हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस डॉ. रवि रंजन और जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की बेंच को सौंपी। महाधिवक्ता राजीव रंजन ने कोर्ट को बताया कि हिंदपीढ़ी के कंटेनमेंट जोन में 7150 घर हैं। 25 मई तक 38,643 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। 8,440 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें 72 पॉजिटिव पाए गए थे। राज्य में 26 मई तक 4,31,711 प्रवासी श्रमिक झारखंड पहुंचे हैं। झारखंड पहुंचे प्रवासी श्रमिकों में से 29,645 का सैंपल लिया गया। इनमें 279 पॉजिटिव पाए गए हैं। कोर्ट सरकार के काम से संतुष्ट दिखा। कहा-इसमें अनावश्यक हस्तक्षेप करना उचित नहीं है। अमेकस क्यूरी को अपने सुझाव देने का निर्देश देते हुए सुनवाई एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दी।


 तस्वीर हजारीबाग की। लॉकडाउन और कोरोना की वजह से कहीं भी स्कूल नहीं खुले हैं। लेकिन जिले सियरकोनी उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक रोजाना बच्चों को पेड़ की छांव में पढ़ाते हैं ताकि उनकी पढ़ाई न छूट जाए। इस दौरान वे बच्चों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हैं।


कोरोना अपडेट्स


रांची: जिले में अब तक कोरोना पॉजिटिव के 130 केस सामने आए हैं। कुल मरीजों में से 101 स्वस्थ हो चुके हैं। यहां चार मरीज की मौत हो चुकी है। एक मई के बाद यहां लौटे 21 प्रवासी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।


बोकारो: जिले में अब तक कोरोना पॉजिटिव के 22 केस सामने आए हैं। यहां एक मरीज की मौत हो चुकी है जबकि 14 स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं। यहां लौटे प्रवासियों में अब तक तीन संदिग्ध की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।


धनबाद: जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 17 हो गई है। अब तक कुल 17 में से चार मरीज स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं। जबकि, 13 मरीज कोविड-19 हॉस्पिटल में इलाजरत हैं।


पूर्वी सिंहभूम: जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। यहां से चार कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। जिले में लौटे प्रवासियों में अब तक 22 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। 


पश्चिमी सिंहभूम: जिले में अब तक 15 कोरोना संक्रमित मिले हैं।  यहां अब तक एक भी मरीज स्वस्थ नहीं हुआ है। जिले में लौटे प्रवासियों में अब तक 14 संदिग्धों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।


सरायकेला खरसावां: जिले में चार कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। जिले में भी प्रवासी मजदूर के माध्यम से कोरोना की इंट्री हुई है। एक भी मरीज अब तक स्वस्थ नहीं हुआ है। बाहर से लौटे प्रवासियों में अब तक चार लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।


गढ़वा: जिले में अब तक 57 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। यहां कुल 17 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं जबकि बाहर से लौटे प्रवासियों में 52 संदिग्धों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। 


गुमला: जिले में अब तक 20 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। यहां एक भी मरीज स्वस्थ नहीं हुआ है। बाहर से लौटे प्रवासियों में से 17 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।


लोहरदगा: जिले में अब तक तीन कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। तीनों मरीज बाहर से लौटे प्रवासी हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तीनों मरीजों को कोविड-19 सेंटर में रखा गया है।


सिमडेगा: जिले में कोरोना के कुल 10 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इनमें दो संक्रमित ठीक हो चुके हैं। यहां लौटे प्रवासियों में अब तक आठ संदिग्धों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...