शनिवार, 2 मई 2020

1223 लोगों की मौत, 37776 संक्रमित

अकाशुं उपाध्याय


नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस ‘कोविड-19′ संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड 2411 नये मामले सामने आने के साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या 38 हजार के करीब पहुंच गयी है तथा इसके कारण 71 और लोगों की मौत होने से मृतकों की तादाद 1223 हो गयी है। देश के 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस के अब तक कुल 37776 मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें 111 विदेशी मरीज शामिल हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने के मामलों में भी लगातार वृद्धि हो रही है और पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमित 953 लोगों के स्वस्थ होने के साथ ऐसे लोगों की संख्या 10 हजार को पार कर 10018 पहुंच चुकी है। देश में वर्तमान में 26535 सक्रिय मामले हैं।


स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार शाम जारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना वायरस से सबसे अधिक गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में स्थिति में कोई सुधार हाेता नहीं दिख रहा है और पिछले एक दिन में 1006 नये मामलों के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 11506 पर पहुंच गयी है और इस दौरान 26 और लोगों की मौत के बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 485 हो गयी है। राज्य में 1879 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। पश्चिमी राज्य गुजरात पिछले 24 घंटों के दौरान 326 नये मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की संख्या के मामलों में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। गुजरात में संक्रमितों की कुल संख्या 4721 हो गयी है तथा 22 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 236 पर पहुंच गयी है। राज्य में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़कर 735 हो गयी है। इसके बाद देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मेंं स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पिछले 24 घंटाें में 223 नये मामले दर्ज किये जाने के कारण अब तक कुल 3738 लोग इस महामारी से संक्रमित हुए हैं। दिल्ली में दो और संक्रमितों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 61 हो गयी है जबकि अब तक कुल 1167 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।


कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है और संक्रमितों की संख्या 2719 पर ही बनी हुयी है जबकि मरने वालों की संख्या आठ बढ़कर 145 हो गयी है। राज्य में 524 मरीज भी ठीक हो चुके हैं। राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान 82 नये मामले सामने आये हैं और इनका आंकड़ा बढ़कर 2666 हो गया। राज्य में इस दौरान चार और मरीजों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या 62 हो गयी हैं। राज्य में 1116 मरीज ठीक हुए हैं।


दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु में 203 नये संक्रमित सामने आये हैं और संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2526 हो गई तथा राज्य में एक और व्यक्ति की मौत के मृतकों का आंकड़ा 28 हो गया है। राज्य में 1312 मरीज अब तक ठीक हुए हैं। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में संक्रमण के 174 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 2455 हो गई है तथा मृतकों की संख्या दो बढ़कर 43 हो गयी है। राज्य में अभी तक 656 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।


दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में 1525 और कर्नाटक में 598 लोग संक्रमित हैं तथा इन राज्यों में क्रमश: 33 और 25 लोगों की मौत हुई है। दक्षिणी राज्य तेलंगाना में संक्रमितों की कुल संख्या 1057 हो गयी और इससे मरने वालों की संख्या 26 पर बनी हुयी है। केरल में 498 लोग संक्रमित हुए हैं और चार लोगों की मौत हुई है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या 639 है और आठ लोगों की मौत हुुई है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 33, पंजाब में 20, बिहार, हरियाणा और झारखंड में तीन-तीन तथा मेघालय, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...