सोमवार, 16 मार्च 2020

लूट और दिल्ली दंगे का आरोपी शामिल

सतीश कुमार


रामपुर। अजीमनगर थाना क्षेत्र में 10 दिन पहले ग्रामीण के घर हुई लूट की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। लूट की वारदात को गुड्डू पहाड़ी गैंग ने अंजाम दिया था। इस गैंग में दिल्ली के पांच बदमाश भी शामिल थे। एक बदमाश दिल्ली के भजनपुरा का है, जिसके दिल्ली दंगे में शामिल होने की जानकारी मिली है। इसकी तस्दीक के लिए स्थानीय पुलिस दिल्ली पुलिस से संपर्क कर रही है।


अजीमनगर थाना क्षेत्र के खौद गांव निवासी नवाबजान के घर चार मार्च की रात बदमाश घुस गए थे। बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर नकदी, जेवर आदि 14 लाख का सामान लूट लिया था। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों से मारपीट भी की थी। अगले दिन पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आइजी रमित शर्मा ने पीडि़त के घर पहुंचकर घटना की जानकारी ली थी और पुलिस को शीघ्र बदमाशों को पकडऩे के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए थाना पुलिस के अलावा एसओजी और सर्विलांस को भी लगाया था। शनिवार रात दो बजे पुलिस को बदमाशों के अजीमनगर क्षेत्र में होने की सूचना मिली। पुलिस ने उनका पीछा किया। लालपुर रोड पर खिरजपुर गांव के जंगल में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए बदमाशों को पकड़ लिया। बदमाशों को रविवार को मीडिया के सामने लाया गया।


सीओ स्वार ब्रहमपाल सिंह ने बताया कि नौ बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। इनके पास से नवाबजान के घर से लूट के 2.45 लाख रुपये भी मिले हैं। इसके अलावा छह तंमचे, एक बंदूक, 23 कारतूस और दो चाकू और टाटा सफारी कार बरामद हुई है। इस गैंग का लीडर सलीम उर्फ गुड्डू पहाड़ी है। वह मूल रूप से रामपुर का रहने वाला है। वर्तमान में दिल्ली में रहकर अपना गैंग चला रहा है। वह दिल्ली के थाना दयालपुर का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ दिल्ली के थाना खजूरीखास, थाना नंदनगरी, थाना पश्चिमी विहार ईस्ट, थाना मंगोलपुरी, थाना गोकुलपुरी, थाना शाहदरा, थाना ज्योति नगर, थाना कीर्तिनगर, थाना कोतवाली, थाना होजकाजी, थाना चांदनी चौक में लगभग 60 मुकदमे चोरी, लूट आदि धाराओं के दर्ज हैं। गैंग लीडर के साथ आठ अन्य बदमाशों में एक दिल्ली के भजनपुरा का फैसल उर्फ फैजल पुत्र जावेद भी शामिल है। उसके दिल्ली दंगे में शामिल होने की जानकारी मिली है। सीओ ने बताया कि दंगाइयों की सूची में उसका नाम शामिल है। उसने दिल्ली के किस थाना क्षेत्र में किस घटना को अंजाम दिया है, इसकी जानकारी की जा रही है। दिल्ली के अफसरों से भी बात की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की

डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की पंकज कपूर  नैनीताल/हल्द्वानी। उच्च न्यायालय उत्तराखंड द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में नैनीताल ...