शनिवार, 28 दिसंबर 2019

शीतलहर के कहर से कांंपा उत्तर-भारत

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की सर्दी और शीतलहर की चपेट में है। लगातार लुढ़कते पारे के साथ कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। कई जगहों पारा लुढ़क कर शून्य से काफी नीचे चला गया है।


ठंड से ठिठुरा हिमाचल, पारा शून्य से नीचे
शिमला। हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बावजूद शनिवार को शीतलहर जारी है। राज्य के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां आईएएनएस को बताया कि शिमला में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि शुक्रवार को यहां तापतान 3.8 डिग्री सेल्सियस था।


लाहौल एवं स्पीति जिले के केलांग और किन्नौर जिले के कल्पा में क्रमश: शून्य से 11.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और शुन्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज हुआ। चंबा जिले के डलहौजी में तापमान 5.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मनाली में यह 26 डिग्री सेल्सियस रहा। धर्मशाला में रात का तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने कहा कि 30 दिसंबर तक दिन में धूप रहेगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। उसके बाद 31 दिसंबर से राज्य भर में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।


पंजाब, हरियाणा में भीषण शीत लहर
चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा में भीषण शीत लहर का दौर शनिवार को भी जारी रहा। कुछ स्थानों पर आसमान में बादल छाने के कारण तापमान जमाव बिंदु के करीब तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोनों राज्यों में शीत लहर 31 दिसंबर तक जारी रह सकता है। इसके बाद कई क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है, जिसके बाद आसमान से बादल छंटेंगे।


हरियाणा के हिसार में तापमान 0.2 डिग्री और नारनौल में 0.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रोहतक में 1.8 डिग्री और सिरसा में दो डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि कई क्षेत्रों में घना कोहरा छंटने से लोगों को राहत मिली है। अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 0.2 से 5.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री और लुधियाना में 5.6 डिग्री, जबकि बठिंडा में 2.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री दर्ज किया गया।


राजस्थान के 5 शहरों में पारा शून्य के नीचे पहुंचा
जयपुर। राजस्थान के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार रात फतेहपुर में तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे, जोबनर में शून्य से दो डिग्री नीचे, आबू में शून्य से 1.5 डिग्री नीचे, सीकर में शून्य से 0.8 डिग्री नीचे और चुरू में शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।


अन्य शहर जहां पांच डिग्री से कम तापमान दर्ज हुआ उन शहरों में पिलानी (0.4), राजसमंद (1.4), गंगानगर (1.4), अलवर (2.0), उदयपुर (3.2), जयपुर (4.0), अजमेर (4.0) और रामगंजमंडी (4.0) रहे। चार डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ जयपुर पिछले पांच सालों में दिसंबर में सबसे ठंडा रहा, जबकि जोधपुर में 4.4 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि 35 सालों में सबसे कम रहा। इस बीच, मौसम विभाग ने शनिवार तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रहने और घने कोहरे की चेतावनी दी है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...