शनिवार, 5 अक्तूबर 2019

हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी

शिमला। हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर जारी रहा। राजधानी शिमला में बारिश होने से अधिकतम तापमान में छह डिग्री की कमी दर्ज हुई है। प्रदेश में आठ अक्तूबर तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। बारिश-बर्फबारी से प्रदेश के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। बीती रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मंडी की चौहारघाटी में ओलावृष्टि से मटर और पधर में धान की फसल को नुकसान हुआ है। शनिवार को भी कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। राजधानी शिमला में शुक्रवार सुबह के समय मौसम साफ रहा। दोपहर बारह बजे के बाद शहर में बादल झमाझम बरसे। शाम के समय मौसम साफ होने से लोगों को कुछ राहत मिली। रोहतांग दर्रा के साथ ऊंची पहाड़ियों में ताजा बर्फबारी होने से घाटी में मौसम ठंडा हो गया है। रोहतांग दर्रा में 10 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड हुई। कुंजुम दर्रा, बारालाचा समेत मनाली तथा पार्वती घाटी की ऊंची पहाड़ियां बर्फ से सफेद हो गई हैं।खराब मौसम के चलते शुक्रवार को दिल्ली-भुंतर और भुंतर-चंडीगढ़ की उड़ानें भी नहीं हो सकीं। जिला कुल्लू में जारी बारिश से ऊझी घाटी में सेब सीजन प्रभावित हुआ है। गुरुवार रात को कुल्लू में भारी बारिश हुई। जनजातीय जिला किन्नौर भी शीतलहर की चपेट में आ गया है। जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को हल्की बर्फबारी हुई।भरमौर और पांगी की ऊपरी चोटियों में भी ताजा बर्फबारी हुई है। जिला चंबा में भरमौर-पठानकोट मार्ग परेल नामक स्थान पर मूसलाधार बारिश के चलते करीब एक घंटे तक बंद रहा। जिला मंडी की चौहारघाटी में गुरुवार रात हुई भारी ओलावृष्टि ने किसानों की मटर की फसल खराब कर दी है।ग्राम पंचायत उरला के कोटरोपी, बही, सास्ती और पंदलाही गांव में ओलावृष्टि से किसानों की धान की फसल को खासा नुकसान हुआ है। शुक्रवार को नाहन में अधिकतम तापमान 27.4, ऊना में 27.2, कांगड़ा में 26.1, धर्मशाला-सुंदरनगर में 24.8, चंबा में 23.5, सोलन में 23.0, भुंतर में 21.0, शिमला में 18.6, डलहौजी में 14.5, केलांग में 11.4 और कल्पा में 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण  1. अंक-182, (वर्ष-11) पंजीकरण:- UPHIN/2014/57254 2. शनिवार, अप्रैल 20, 2024 3. शक-1945, पौष, शुक्ल-पक्ष, तिथि-द्वाद...